Uncategorized

कलेक्टर व महापौर के समन्वित प्रयासों से धमतरी को विकास की मुख्यधारा में लाने की हो रही है ठोस पहल – राजा रोहरा

धमतरी में रेलवे रेक प्वाइंट की स्थापना हेतु महापौर का निरंतर प्रयास है सराहनीय


धमतरी । छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष एवं धमतरी चेंबर ऑफ कॉमर्स के संस्थापक व सचिव राजा रोहरा ने कहा कि कलेक्टर के नेतृत्व में जिला प्रशासन धमतरी के विकास को लेकर निरंतर, गंभीर और दूरदर्शी प्रयास कर रहा है। योजनाओं की समीक्षा, जमीनी स्तर पर निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश इस बात का संकेत हैं कि प्रशासन धमतरी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में शहर के महापौर द्वारा किए जा रहे अथक प्रयासों से कई महत्वपूर्ण योजनाओं को राज्य बजट में शामिल कराया जाना धमतरी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। विशेष रूप से धमतरी में रेलवे रेक प्वाइंट की स्थापना हेतु महापौर का निरंतर प्रयास अत्यंत सराहनीय रहा है। यह रेक प्वाइंट धमतरी के व्यापार को नई गति देने वाला साबित होगा, जिससे माल परिवहन सुलभ होगा, लागत घटेगी और स्थानीय व्यापारियों को बड़े बाजारों से सीधे जुडऩे का अवसर मिलेगा। हालांकि, इसके साथ ही यह भी चिंता का विषय है कि रेलवे से जुड़े कार्यों की प्रगति अत्यंत सुस्त गति से चल रही है। यदि रेलवे परियोजनाओं में यही धीमापन बना रहा, तो रेक प्वाइंट जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का वास्तविक लाभ व्यापार और उद्योग को समय पर नहीं मिल पाएगा। अत: रेलवे प्रशासन से अपेक्षा है कि वह धमतरी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता में लेकर तेज, व्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से पूर्ण करे।
छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष एवं धमतरी चेंबर ऑफ कॉमर्स के संस्थापक व सचिव राजा रोहरा ने कहा कि इन सकारात्मक प्रयासों के बावजूद सबसे अहम प्रश्न यह है कि धमतरी के व्यापार और समग्र विकास को मजबूत और स्थायी नींव कैसे दी जाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद से धमतरी का व्यापार और शहरी विकास अपेक्षाकृत सबसे अधिक पिछड़ा हुआ है। न तो बड़े शैक्षणिक संस्थानों का विकास हो सका और न ही कनेक्टिविटी व औद्योगिक ढांचे को अपेक्षित गति मिली। अब समय आ गया है कि धमतरी के विकास को छोटे-छोटे प्रयासों तक सीमित न रखकर दीर्घकालीन और प्रभावी विजऩ के साथ आगे बढ़ाया जाए।
शिक्षा से विकास की नींव मजबूत करने की आवश्यकता
राजा रोहरा ने मांग की कि रुद्री पॉलिटेक्निक कॉलेज को इंजीनियरिंग कॉलेज में उन्नत करने तथा धमतरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए ठोस पहल की जाए। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही शहर में उच्च शिक्षा मिलेगी, पलायन रुकेगा और बाहर से आने वाले छात्रों, शिक्षकों व कर्मचारियों के कारण व्यापार, आवास और सेवा क्षेत्रों में नया विस्तार होगा। चेंबर का स्पष्ट मत है कि यदि कलेक्टर के नेतृत्व, महापौर के अथक प्रयास और शासन की सकारात्मक सोच के साथ शिक्षा, रेलवे और व्यापारिक आधारभूत ढांचे पर एक साथ निर्णायक कदम उठाए जाएं, तो धमतरी अपने लंबे समय से चले आ रहे पिछड़ेपन से बाहर निकलकर प्रदेश के एक सशक्त शिक्षा और व्यापारिक केंद्र के रूप में उभर सकता है।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!