Uncategorized

होली पर्व पर धमतरी पुलिस सख्त: पुलिस लाईन रूद्री में 35 निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की परेड, अशांति फैलाने पर होगी तत्काल कठोर वैधानिक कार्यवाही

संवेदनशील क्षेत्रों व अड्डेबाजी स्थलों पर हाई अलर्ट- सघन चेकिंग, फ्लैग मार्च और लगातार पेट्रोलिंग के सख्त निर्देश

आगामी होली त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में गुंडा, निगरानी एवं आदतन बदमाशों के विरुद्ध विशेष सघन अभियान चलाया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय द्वारा समस्त थाना क्षेत्रों के 35 निगरानी बदमाश, गुंडा बदमाश एवं माफी बदमाशों को पुलिस लाईन रूद्री में उपस्थित कर उनकी विधिवत परेड कराई गई। इस दौरान प्रत्येक बदमाश से व्यक्तिगत चर्चा कर कड़ी चेतावनी दी गई कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति, मारपीट, चाकूबाजी, अड्डेबाजी, जबरन वसूली अथवा अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी को समझाइश देते हुए समाज की मुख्यधारा में रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। स्पष्ट किया गया कि जिनका आचरण निरंतर संतोषजनक रहेगा, उन्हें माफी सूची में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है। साथ ही सभी से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।निर्देशित किया गया है कि थाना क्षेत्रों में अशांति फैलाने वाले, चाकूबाजी करने वाले एवं अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाए। आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं एवं माइनर एक्ट के तहत कठोर कार्यवाही कर जेल भेजा जाएगा।एसपी धमतरी ने जिले के उभरते हुए गुंडा-बदमाशों, असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजी करने वालों तथा लड़ाई-झगड़ा कर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर सतत नजर रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक एवं कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रहे।जिले के समस्त थाना प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने- अपने थाना क्षेत्रों के संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों की पहचान कर वहाँ निरंतर पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च एवं सघन चेकिंग अभियान प्रभावी रूप से संचालित करें।
साथ ही कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के तत्वों पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए सतत निगरानी बनाए रखें, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हो सके।इस कार्यवाही में एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, रक्षित निरीक्षक धमतरी सहित सिटी कोतवाली, अर्जुनी, रूद्री, कुरूद, भखारा, मगरलोड, नगरी, सिहावा, केरेगांव, दुगली, चौकी बिरेझर, करेलीबड़ी एवं अन्य थाना,चौकी प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।धमतरी पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि होली पर्व को आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!