ग्राम पंचायत मुजगहन में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भव्य लोकार्पण, डिजिटल साक्षरता की दिशा में बढ़ा एक और ऐतिहासिक कदम
ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल मुख्यधारा से जोड़ना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है-कीर्तन मीनपाल

धमतरी-ग्राम पंचायत मुजगहन में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भव्य लोकार्पण समारोह अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस नवनिर्मित केंद्र का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके पंचायत स्तर पर ही विभिन्न प्रकार की डिजिटल, ऑनलाइन और शासकीय सेवाओं का त्वरित लाभ पहुंचाना है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य जनप्रतिनिधियों और समस्त ग्रामवासियों ने अपनी उत्साहपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई।इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने डिजिटल साक्षरता की ओर मुजगहन का एक और सफल कदम के संकल्प को दोहराया और इसे ग्रामीण विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। होमेश्वर साहू (सरपंच, ग्राम पंचायत मुजगहन ने कहा अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का शुभारंभ हमारे गांव के विकास में एक मील का पत्थर है। अब हमारे ग्रामीण भाइयों-बहनों, किसानों और छात्र-छात्राओं को छोटे-छोटे ऑनलाइन कार्यों, शासकीय योजनाओं के आवेदन और प्रमाण-पत्रों के लिए शहर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह केंद्र हमारे मुजगहन को पूरी तरह से डिजिटल, स्मार्ट और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है। हमारा लक्ष्य पंचायत के हर घर तक डिजिटल साक्षरता पहुंचाना है।
कीर्तन मीनपाल (सदस्य, जनपद पंचायत धमतरी) ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल मुख्यधारा से जोड़ना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस सुविधा केंद्र के माध्यम से शासन की जन कल्याणकारी योजनाएं अब सीधे, सुलभ और पारदर्शी तरीके से गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकेंगी। मुजगहन ग्राम पंचायत द्वारा उठाया गया यह कदम अत्यंत सराहनीय है और यह अन्य पंचायतों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
लोकार्पण समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती धनेश्वरी साहू और उप सरपंच जतिन साहू उपस्थित रहे।कार्यक्रम को सफल बनाने में पंचायत प्रतिनिधियों की भी अहम भूमिका रही, जिनमें मुख्य रूप से पंचगण विशाखा अग्रवाल, विमला साहू, कुमारी बाई साहू, और लीलेश्वर साहू।
पंचायत अधिकारी एवं सहायक: श्री दीपक सोनकर (ग्राम पंचायत सचिव), बुंदेश्वरी गोस्वामी (रोजगार सहायक), और रूपचंद यादव उपस्थित रहे.