Uncategorized

नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका बनाने उठी जनआवाज

सुशासन तिहार में बड़ी संख्या में नगरवासियों ने की नगर पालिका बनाने की मांग

जिला मुख्यालय से 65 किलोमीटर दूर स्थित नगरी क्षेत्र लगभग 45 किलोमीटर की परिधि में सबसे बड़ा एवं प्रमुख व्यापारिक केंद्र है

धमतरी। नगर पंचायत नगरी में आयोजित मुख्यमंत्री सुशासन तिहार के दौरान नगरवासियों द्वारा नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका परिषद बनाए जाने की मांग जोर-शोर से उठाई गई। शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों में सर्वाधिक आवेदन नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका में उन्नयन किए जाने से संबंधित प्राप्त हुए हैं। नगरवासियों का कहना है कि नगरी नगर पंचायत तेजी से विकसित हो रहा है तथा नगर का स्वरूप निरंतर शहरी रूप धारण करता जा रहा है। धमतरी जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दूर स्थित नगरी क्षेत्र लगभग 45 किलोमीटर की परिधि में सबसे बड़ा एवं प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। आसपास के अनेक गांवों एवं क्षेत्रों का मुख्य केंद्र नगरी ही है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या, बाहरी निवेशकों द्वारा व्यापारिक गतिविधियों में रुचि, उद्योग एवं फैक्ट्री स्थापना की संभावनाएं तथा सिहावा क्षेत्र का पर्यटन हब के रूप में तेजी से विकसित होना नगरी के महत्व को और बढ़ा रहा है। ऐसे में नगरवासियों ने बेहतर सड़क, सफाई, पेयजल, बाजार व्यवस्था, रुकने हेतु होटल-रेस्टोरेंट, चौपाटी, खेल मैदान एवं आधुनिक बस स्टैंड जैसी सुविधाओं के विस्तार हेतु नगर पालिका बनाए जाने की आवश्यकता बताई है।
प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की तैयारी
नगर पंचायत नगरी द्वारा नगर पालिका बनाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि बहुत जल्द प्रस्ताव जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य शासन को राजपत्र प्रकाशन हेतु प्रेषित किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस एवं पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय किसान मोर्चा मंत्री पिंकी शिवराज शाह श्रवण मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा जनपद अध्यक्ष महेश गोटा नगर पंचायत नगरी अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा तथा उपाध्यक्ष विकास बोहरा सहित जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों द्वारा नगर पालिका बनाए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।
नगर पालिका बनने के बाद विकास कार्यों को मिलेगी गति
नगरवासियों का मानना है कि नगर पालिका बनने के बाद नगरी में बड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा आधुनिक बस स्टैंड, खेल मैदान, तालाबों का सौंदर्यीकरण, पर्यटन विकास, चौपाटी निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा। इससे नगरी क्षेत्र आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकेगा।
क्षेत्र के विकास व व्यापार, उद्योग स्थापना में सुविधा के लिए नगर पालिका का दर्जा आवश्यक है – बलजीत छाबड़ा

नगरी नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि नगरी की जनता द्वारा जोरशोर से नगर पंचायत को नगर पालिका बनाने की मांग की जा रही है। हम इसका पूर्ण समर्थन करते है और हमारा हर संभव प्रयास होगा कि नगरी नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा मिले। क्षेत्र के विकास व व्यापार, उद्योग स्थापना में सुविधा के लिए नगर पालिका का दर्जा आवश्यक है। चूंकि नगरी की दूरी जिला मुख्यालय से लगभग 65 किमी है। और नगरी के आसपास के लगभग 45 किमी. के रेंज में जिसमें बोराई, रिसगांव, दुगली व गरियाबंद बॉडर क्षेत्र की जनता व्यापार व विकास के लिए नगरी मुख्यालय पर आश्रित है। चूंकि वर्तमान जनगणना से स्पष्ट हो रहे है कि नगरी नगर पंचायत जनसंख्या के हिसाब से भी नगर पालिका बनने की शर्तो को पूरा कर रहा है। ऐसे में नगरी को नगर पालिका का दर्जा मिलना चाहिए। इस संबंध में अब शासन स्तर पर भी प्रयास शुरु किया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!