डेढ़ साल की बच्ची को किनारे छोड महिला ने लगाई डैम में छलांग, वाटर एंबुलेंस टीम ने किया त्वरित सुरक्षित रेस्क्यू

धमतरी। गुरुवार दोपहर गंगरेल डैम स्थित अंगारमोती मंदिर के पीछे एक महिला ने डेढ़ साल की बच्ची को किनारे छोड़कर डैम में छलांग लगा दी। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दी, जिसके बाद वाटर एंबुलेंस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला का रेस्क्यू कर 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर लगभग 2 बजे की है।बताया गया कि महिला अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची के साथ गंगरेल डैम क्षेत्र पहुंची थी। इसी दौरान उसने बच्ची को किनारे छोड़ दिया और डैम के गहरे पानी में कूद गई। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सहायता के लिए आवाज लगाई और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी।सूचना मिलते ही वाटर एंबुलेंस की टीम सक्रिय हुई और कुछ ही मिनटों में महिला तक पहुंच गई। रेस्क्यू टीम ने लगभग पांच मिनट के भीतर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और बोटिंग पॉइंट के पास लाकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से महिला को उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रुद्री पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। उसके हाथ पर सतवंतीन नाम लिखा हुआ मिला है।घटना के दौरान महिला के साथ मौजूद डेढ़ वर्षीय बच्ची सुरक्षित है।
महिला के जिला अस्पताल पहुंचने पर होश आया जिसमें उसने बताया कि उसका मायके सोनामगर नगरी है और ससुराल सरसोंपुरी है। वह बुधवार को ही धमतरी पहुंच गई थी। शहर में गार्डन में रात बिताने के बाद वह गुरुवार को डैम पहुंची थी।
गंगरेल डैम जैसे पर्यटन और धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है, वहीं समय रहते हुए रेस्क्यू टीम की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
