ग्राम पंचायत मुजगहन में 8.92 लाख के विकास कार्यों का हुआ भव्य भूमिपूजन, गांव के विकास को मिलेगी नई दिशा
ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और शिक्षा के स्तर को सुधारना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है- कीर्तन मीनपाल

धमतरी। ग्राम पंचायत मुजगहन में गुरुवार को विकास की नई इबारत लिखते हुए कुल 8 लाख 92 हजार रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में 5 लाख रुपये की लागत से टीन शेड निर्माण, 1 लाख 68 हजार रुपये की लागत से स्कूल के शौचालय निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 1 में कुल 2 लाख 24 हजार रुपये की लागत से दो सीसी रोड (मुख्य मार्ग से कमल नारायण के घर तक और भीखम साहू के घर से राजेश साहू के घर तक) के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया। इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत धमतरी के सदस्य कीर्तन मीनपाल उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुजगहन के सरपंच होमेश्वर साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत धमतरी की सदस्य श्रीमती धनेश्वरी साहू सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कीर्तन मीनपाल (मुख्य अतिथि एवं सदस्य, जनपद पंचायत धमतरी) ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और शिक्षा के स्तर को सुधारना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्राथमिक शाला में टीन शेड और आधुनिक शौचालय के निर्माण से हमारे बच्चों को एक सुरक्षित और स्वच्छ शैक्षणिक माहौल मिलेगा। इसके साथ ही सीसी रोड के निर्माण से ग्रामीणों की आवागमन की समस्या दूर होगी। हम मुजगहन सहित पूरे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कटिबद्ध हैं।