Uncategorized

ऐतिहासिक गौरव ग्राम कण्डेल में ज्ञान के नए युग की शुरुआत:30 लाख की लागत से बनने वाले आधुनिक वाचनालय एवं पुस्तकालय का महापौर रामू रोहरा ने किया भूमिपूजन

धमतरी। ऐतिहासिक और गौरवशाली ग्राम कण्डेल में शिक्षा एवं ज्ञान के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ गई। ग्राम के विद्यार्थियों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 लाख की लागत से निर्मित होने वाले आधुनिक वाचनालय एवं पुस्तकालय (लाइब्रेरी) भवन का भूमिपूजन मुख्य अतिथि नगर निगम धमतरी के महापौर जगदीश (रामू) रोहरा के कर-कमलों द्वारा विधिवत संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि पुस्तकालय केवल भवन नहीं, बल्कि समाज के बौद्धिक विकास और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होते हैं। आधुनिक वाचनालय बनने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन का बेहतर वातावरण मिलेगा तथा वे प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा की तैयारी कर अपने सपनों को साकार कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की सुविधाएं गांवों के विकास को नई दिशा देने का कार्य करेंगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस महत्वपूर्ण सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे ग्राम कण्डेल के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उपस्थित जनों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तकालय आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, संस्कार और प्रगति का प्रमुख केंद्र बनेगा।कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती दिनेश्वरी साहू, ग्राम पंचायत कण्डेल के सरपंच गिरधर कुमार ढीमर, भारतीय जनता युवा मोर्चा भोथली मंडल के अध्यक्ष गिरीश साहू, उपाध्यक्ष ओमकार नेताम, प्राथमिक कृषि संस्था के अध्यक्ष यतीश भूषण श्रीवास्तव सहित ग्राम पंचायत के समस्त पंचगण, वरिष्ठ नागरिक, गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए ग्राम के सर्वांगीण विकास के लिए सभी के सहयोग और सहभागिता की सराहना की गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!