एसपी भावना पांडेय ने ली सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की परिचयात्मक बैठक, प्रभावी एवं अनुशासित पुलिसिंग पर दिया विशेष जोर
अनुशासनहीनता पर होगी शून्य सहनशीलता, बेसिक एवं विजिबल पुलिसिंग के साथ अपराधियों पर सख्त कार्यवाही के दिए निर्देश
नशा, जुआ, सट्टा, अवैध शराब, चाकूबाजी, होटल-ढाबा चेकिंग, रात्रि गश्त, सीसीटीएनएस एवं जनसुनवाई की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश


धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय ने आज जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अनुशासन, जनोन्मुखी पुलिसिंग एवं अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि धमतरी पुलिस की कार्यशैली अनुशासित, पारदर्शी, संवेदनशील एवं जनता के प्रति जवाबदेह होनी चाहिए। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों में अनुशासन बनाए रखने तथा साफ-सुथरी वर्दी, उत्कृष्ट टर्नआउट एवं समयबद्ध ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी, डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर, डीएसपी श्रीमती मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी,रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा आदि उपस्थित रहे।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश
एसपी ने निर्देशित दिए कि अनुशासन एवं कार्यसंस्कृति, सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित वर्दी, उत्कृष्ट टर्नआउट एवं अनुशासन के साथ ड्यूटी करें। प्रत्येक थाना प्रभारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा करें। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कार हेतु प्रतिवेदन भेजें तथा लापरवाही एवं कदाचार करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही करें।
विजिबल एवं बेसिक पुलिसिंग
जिले में बेसिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाया जाए। सदर बाजार सहित प्रमुख बाजारों में नियमित पैदल पेट्रोलिंग की जाए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों एवं धार्मिक स्थलों पर लगातार पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही
नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्यवाही की जाए। जुआ, सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य अवैध कारोबारों पर लगातार प्रभावी कार्यवाही की जाए। चाकूबाजी की घटनाओं पर विशेष निगरानी रखते हुए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से चाकू मंगाने वाले व्यक्तियों पर भी सतत निगरानी रखकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। होटल एवं ढाबों की नियमित चेकिंग व रात्रि गश्त पर विशेष जोर दिया जाए। थाना प्रबंधन एवं संसाधनों का रखरखाव पर जोर दिया जाये। जनसुनवाई एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश एसपी ने दिए।
