जर्जर अटल आवास के 8 परिवारों को किया गया अस्थायी रूप से दूसरे ब्लॉक मे शिफ्ट

धमतरी। शहर के विवेकानंद नगर गली नं 3 स्थित अटल आवास की जर्जर स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने वहां रहने वाले आठ परिवारों को अस्थायी रूप से दूसरे ब्लॉक में शिफ्ट कर दिया है। लंबे समय से भवन की खराब हालत के कारण रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर सीढ़ियां टूट जाने से ऊपरी मंजिल तक पहुंचना जोखिम भरा हो गया था और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
गौरतलब है कि पिछले दिनों महापौर ने विवेकानंद नगर अटल आवास का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद नगर निगम ने फौरी राहत के तौर पर आठ परिवारों को सामने स्थित दूसरे ब्लॉक में विस्थापित कर दिया। जिसमें जुबेदा बेगम, संतोष दास, डेविड दास, निर्मला साहू, संतोषी साहू, फिरोज खान, हेमा साहू और फामनी साहू शामिल है।विस्थापन के दौरान नगर निगम के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई। फिलहाल नए ब्लॉक में शिफ्ट होने से इन परिवारों को राहत मिली है, लेकिन उनकी समस्याएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं।रहवासियों का कहना है कि जिस ब्लॉक में उन्हें शिफ्ट किया गया है, वहां बारिश के दिनों में घुटनों तक पानी भर जाता है। ऐसे में आगामी मानसून के दौरान उन्हें जलभराव की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से स्थायी और सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना की आशंका न रहे।