एसपी भावना पाण्डेय से नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने की भेंट
भखारा-भठेली क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर जताई चिंता, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की रखी मांग

भखारा। नगर पंचायत भखारा-भठेली की अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पाण्डेय से सौजन्य भेंट कर भखारा-भठेली नगर पंचायत एवं आसपास के अंचल की कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने क्षेत्र में चोरी, असामाजिक गतिविधियों एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका तथा नागरिकों से प्राप्त शिकायतों की ओर पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने भखारा-भठेली एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि नियमित पुलिस गश्त से अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ ही आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण मजबूत होगा। पुलिस अधीक्षक भावना पाण्डेय ने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।सौजन्य भेंट के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने क्षेत्र की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
