रथ यात्रा महोत्सव: जगदीश मंदिर में आज से काढ़ा वितरण शुरू, सुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

धमतरी। शहर में 8 जुलाई से प्रारंभ हुए भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के तहत शनिवार से जगदीश मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क काढ़ा वितरण की शुरुआत की गई। पहले ही दिन सुबह से मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भगवान जगन्नाथ के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच विधिवत पूजा-अर्चना के बाद काढ़ा वितरण प्रारंभ हुआ। ऐसी मान्यता हैँ कि भगवान जगन्नाथ का स्नान कराने के बाद वे बीमार पड़ जाते हैँ इसलिए उन्हें औषधि काढ़ा का वितरण दिया जाता हैँ. साथ भक्तों को भी बेहतर सेहत हेतु औषधि काढ़ा का वितरण किया जाता हैँ । श्रद्धालुओं ने इसे स्वास्थ्यवर्धक बताते हुए उत्साहपूर्वक काढ़ा ग्रहण किया। मंदिर परिसर में पूरे समय “जय जगन्नाथ” के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।
मंदिर समिति के अनुसार रथ यात्रा महोत्सव के दौरान 14 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से जगदीश मंदिर में निःशुल्क काढ़ा वितरण किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं, ताकि सभी भक्तों को सुचारु रूप से काढ़ा उपलब्ध कराया जा सके।
16 जुलाई को भव्य रथ यात्रा जगदीश मंदिर से निकाली जाएगी.रथयात्रा महोत्सव के दौरान शहर में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालु प्रतिदिन भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिर समिति ने अधिक से अधिक लोगों से इस सेवा का लाभ लेने तथा महोत्सव में सहभागी बनने की अपील की है।

