Uncategorized

जिला भाजपा धमतरी ने उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया दीपावली मिलन समारोह, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का किया सम्मान

संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव में ऐतिहासिक जीत का संकल्प लेकर एकजुट हुए भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता

धमतरी। जिला भाजपा धमतरी द्वारा बिलाई माता मंदिर के पीछे स्थित सामुदायिक भवन में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास, उत्साह एवं आत्मीयता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में संगठनात्मक एकजुटता, कार्यकर्ताओं के सम्मान और आगामी चुनावों में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने के संकल्प पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। सर्वप्रथम भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संगठन की एकजुटता, आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात संगठन जिला प्रभारी डॉ. किरण बघेल ने अपने उद्बोधन में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय, अनुशासित एवं प्रभावी बनाकर पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में कुरूद विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय चंद्राकर ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह का संचार किया। उन्होंने भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने वर्ष 1962 की जीत की यात्रा को दोहराने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि संगठन की सामूहिक शक्ति, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा नया इतिहास रच सकती है।
इसके पश्चात जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों और आम जनता के हित में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से प्रदेश के किसानों को दी जा रही बोनस राशि का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को बोनस राशि प्रदान करना सरकार की किसान हितैषी सोच और संकल्प का परिचायक है।
समारोह के दौरान पार्टी के प्रति लंबे समय से समर्पित रहकर संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं कुंजलाल देवांगन एवं महेश यदु, शिव शर्मा सहित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उनके अनुभव और समर्पण को संगठन की अमूल्य पूंजी बताया।
कार्यक्रम के मंच पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, महापौर रामू रोहरा, सहकारी बैंक के संभाग अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश शर्मा, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जनपद अध्यक्ष, नगर निगम सभापति कौशल्या देवांगन पूर्व जिला अध्यक्ष शशि पवार,सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
दीपावली मिलन समारोह में जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। दीपावली के इस पावन अवसर पर आयोजित समारोह संगठन के भीतर आपसी प्रेम, भाईचारे, समरसता और एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन जिला भाजपा महामंत्री महेंद्र पंडित ने किया तथा मंच संचालन राकेश साहू द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!