कमल विहार कॉलोनी में 27 लाख रुपये के विकास कार्यों को मिली सौगात, महापौर रामू रोहरा ने किया नाली एवं सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
अम्बेडकर वार्ड में अलग-अलग स्थानों पर होगा नाली एवं सीसी रोड का निर्माण, वार्डवासियों को मिलेगी बेहतर आवागमन और जल निकासी की सुविधा

पार्षद कुलेश सोनी सहित वार्डवासियों ने विकास कार्यों की स्वीकृति एवं भूमिपूजन के लिए महापौर का जताया आभार
धमतरी- शहर के वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में अम्बेडकर वार्ड अंतर्गत कमल विहार कॉलोनी में 27 लाख रुपये की लागत से विभिन्न स्थानों पर नाली एवं सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम के पूर्व सभापति राजेन्द्र शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद कुलेश सोनी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में लोक निर्माण विभाग के अध्यक्ष युगल किशोर (पिंटू) यादव, जल विभाग के अध्यक्ष अखिलेश सोनकर, पार्षद संतोष सोनकर, श्रीमती चंद्रभागा साहू, श्रीमती आशा लोधी, श्रीमती सरिता यादव, नंदू लोधी, गौरव मगर सहित वार्ड के नागरिक एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
भूमिपूजन के अंतर्गत कमल विहार कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जाएंगे।
इनमें अनिता सोनी के घर से छोटू निर्मकर एवं राजेश यादव से उत्तम साहू तथा शंकर के घर से ममता के घर तक 6.55 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली निर्माण कार्य किया जाएगा। रमाकांत सरोज के घर के पास 55 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, नवकार हॉस्टल से कुर्मी समाज भवन तक 3.47 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य कराया जाएगा।
इसी प्रकार गांधी साहू के घर से रुद्री रोड तक 5.74 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली निर्माण, परदेशी राम साहू के घर से कश्यप के घर होते हुए राजेश यादव के घर तक 2.73 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, संतराम वर्मा के घर से शंकर रजक के घर तक 6.86 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण तथा भूनेश सिन्हा के घर से मंडावी जी के घर तक 1.31 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य किया जाएगा।
इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से कॉलोनी में आवागमन सुगम होगा तथा व्यवस्थित नाली निर्माण से बरसात के दिनों में जल निकासी की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलेगी। लंबे समय से जिन स्थानों पर सड़क एवं नाली निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वहां अब निर्माण कार्य शुरू होने से वार्डवासियों में उत्साह का माहौल है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि शहर का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है
इस अवसर पर महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित नागरिक सुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता है। विकास का वास्तविक लाभ तभी है, जब उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आम नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में सुविधाएं मिलें।
महापौर ने कहा कि वार्डवासियों की मांग और पार्षदों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों को स्वीकृति दी जा रही है। कमल विहार कॉलोनी में होने वाले ये निर्माण कार्य क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी से गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने की अपेक्षा भी जताई।
पार्षद कुलेश सोनी ने महापौर का जताया आभार
वार्ड पार्षद कुलेश सोनी ने कहा कि कमल विहार कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। महापौर रामू रोहरा के सकारात्मक प्रयासों एवं सहयोग से वार्ड को लगभग 27 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। इन कार्यों से वार्डवासियों को निश्चित रूप से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने महापौर सहित नगर निगम के जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड के विकास के लिए आगे भी इसी तरह सहयोग मिलता रहेगा, ऐसी अपेक्षा है।
कार्यक्रम के अंत में पार्षद कुलेश सोनी सहित वार्डवासियों ने महापौर जगदीश रामू रोहरा एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ एवं आत्मीय स्वागत के साथ धन्यवाद ज्ञापित किया। वार्डवासियों ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम के प्रति आभार जताया।