राम मंदिर पर सवाल उठाने वाले खुद भ्रष्टाचार के कालनेमि हैं – रंजना साहू
कांग्रेस की प्रेस वार्ता पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू का पलटवार, कहा कांग्रेसी श्री हनुमान के रास्ते पर नहीं, बल्कि तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के रास्ते पर चलते हैं

धमतरी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक रंजना साहू ने कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी के धमतरी में पत्रकार वार्ता में दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर का विरोध किया, आज वही लोग राम के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। असली कालनेमि तो वो हैं जिन्होंने गरीबों के हक का चंदा खाया है। त्रिवेदी जी और कांग्रेस पार्टी को राम मंदिर से दिक्कत है, इसीलिए वो हर रोज झूठ का सहारा ले रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में बना मंदिर विश्व का सबसे पारदर्शी निर्माण है। हर पैसे का हिसाब वेबसाइट पर है। कांग्रेस को दर्द इस बात का है कि 70 साल में जो नहीं कर पाए, वो मोदी जी ने 5 साल में करके दिखा दिया। उन्होंने आगे कहा कांग्रेस हनुमान जी के रास्ते पर नहीं, बल्कि तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के रास्ते पर चल रही है। छत्तीसगढ़ में 5 साल कांग्रेस ने क्या किया, वो जनता भूली नहीं है। अब राम का नाम लेकर जनता को गुमराह नहीं कर सकते। कांग्रेसियों को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए छत्तीसगढ़ में 5 साल तक भ्रष्टाचार की गंगा बहाने वाली कांग्रेस आज राम मंदिर पर सवाल उठा रही है। राम मंदिर ट्रस्ट का हर लेन-देन सीएजी ऑडिटेड है और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में है।