दिव्यांगता पर प्रतिभा की जीत: धमतरी के सत्यांशु बने स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप-2026 टीम के मेडल विजेता
अंतरराष्ट्रीय मंच पर धमतरी का गौरव बढ़ाने वाले सत्यांशु दीप को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दी बधाई
स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर मेडल जीताकर जिले, प्रदेश और देश का बढ़ाया मान

धमतरी । धमतरी जिले के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित सार्थक स्कूल, धमतरी के विशेष खिलाड़ी सत्यांशु दीप ने स्पेशल ओलंपिक्स भारत-छत्तीसगढ़ के माध्यम से भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम में चयनित होकर स्वीडन में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उनकी इस उपलब्धि ने धमतरी, छत्तीसगढ़ और पूरे देश का गौरव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। स्वीडन के गोथेनबर्ग में आयोजित गोथिया कप 2026 के ‘स्पेशल ओलंपिक्स ट्रॉफीÓ वर्ग में भारत की स्पेशल ओलंपिक फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीत लिया है। तीसरे स्थान के रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने फिनलैंड को 2-1 से हराया इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सत्यांशु दीप को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि किसी विशेष खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना पूरे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, धमतरी डॉ. मनीषा पांडे ने भी सत्यांशु दीप को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि जिले एवं प्रदेश के विशेष बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है। उल्लेखनीय है कि सत्यांशु दीप इससे पूर्व राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप, रोहतक (हरियाणा) में देश के 23 राज्यों के 500 से अधिक खिलाडिय़ों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक तथा 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक प्राप्त कर चुके हैं। उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम में उनका चयन हुआ और उन्होंने स्वीडन में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर धमतरी जिले को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।

