गंगरेल बांध की क्षमता है 32.152 टीएमसी, बांध में है मात्र 12.794 टीएमसी उपयोगी पानी
लगातार अच्छी बारिश नहीं होने से जिले के चारो बांध गंगरेल, मुरुमसिल्ली, दुधावा व सोंढुर में नहीं हो रही पानी की आवक

धमतरी। इस बार लगातार अच्छी नहीं होने से जिले का बांधो में अब तक पानी की अच्छी आवक नहीं हो पाई है। आज के स्थिति में तो बांधो में की आवक शून्य रही। गंगरेल बांध में भी जल भराव की स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा है।
जिले में प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े बांध गंगरेल के साथ ही मुरुमसिल्ली, दुधावा व सोंढुर मौजूद है लेकिन इस बार अब तक बांधो में उम्मीद के अनुरुप पानी की आवक नहीं हो पाई है। मिली जानकारी के अनुसार गंगरेल बांध की जल संग्रहण क्षमता 32.152 टीएमसी है जबकि वर्तमान में बांध में 17.865 टीएमसी जल भराव है। जिसमें मात्र 12.794 टीएमसी उपयोगी पानी है। और लगभग 5 टीएमसी पानी को डेड स्टोरेज के रुप में हमेशा रिजर्व रखा जाता है। बांध में आवक शून्य है। जबकि 350 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बांध का लेवल 343.68 मीटर है। इसी प्रकार मुरुमसिल्ली बांध में 2.774 टीएमसी जल भराव है। जिसमें उपयोगी 2.653 टीएमसी पानी है। दुधावा बांध में 7.396 टीएमसी जल भराव है जबकि उपयोगी 7.236 टीएमसी पानी है। सोंढुर बांध में 4.251 टीएमसी जल भराव है।
पर्यटको को है बांध के लबालब होने व गेट खुलने का इंतजार
गंगरेल बांध प्रदेश का ख्याति प्राप्त बांध है। यहां की खूबरसूरती हमेशा ही पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहा है। हर साल मानसून में पर्यटकों को गंगरेल बांध के लबालब होने व बांध के सभी 14 गेट खुलने का इंतजार रहता है। इस बार भी पर्यटको को गंगरेल बांध के लबालब होने व बांध के सभी गेट खुलने के मनोरम दृश्य का इंतजार है। लेकिन अब तक की वर्षा से बांध की जल भराव में कोई विशेष बढ़ोत्तरी नहीं हो पाई है।
जिले में अब तक औसत से 72.4 प्रतिशत बारिश, आज तक जिले में 278.8 मिमी वर्षा दर्ज
जिले में मानसून सक्रिय बना हुआ है। कलेक्टर कार्यालय (भू-अभिलेख शाखा) द्वारा 18 जुलाई 2026 को जारी तहसीलवार वर्षा रिपोर्ट के अनुसार जिले में एक जून से अब तक औसतन 278.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 384.9 मिमी का 72.4 प्रतिशत है। रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को जिले में 15.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक भखारा में 8.9 मिमी वर्षा हुई, जबकि कुरूद में 0.8 मिमी, मगरलोड में 2.6 मिमी और नगरी, कुकरेल और बेलरगांव तहसीलों में शनिवार को वर्षा दर्ज नहीं हुई। धमतरी में 0.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। एक जून से अब तक हुई कुल वर्षा के अनुसार मगरलोड तहसील 321.4 मिमी के साथ जिले में सबसे आगे है। इसके बाद बेलरगांव में 294.4 मिमी, नगरी में 291.1 मिमी, धमतरी में 288.7 मिमी, कुकरेल में 288.0 मिमी, कुरूद में 272.9 मिमी तथा मध्यारा में 194.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

