जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए सख्त निर्देश
कहा- प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और नियमानुसार हो निराकरण

धमतरी- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी तथा गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
जनदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने भूमि संबंधी विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, अनुकंपा नियुक्ति, मजदूरी भुगतान, शिक्षा, अतिक्रमण, राजस्व प्रकरण सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की तथ्यात्मक जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनदर्शन के दौरान कुरूद विकासखंड के ग्राम कोर्समर्रा की श्रीमती जय कुमारी ने अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम सारंगपुरी निवासी श्री बिसाहूराम एवं श्रीमती मानकुंवर बाई साहू ने पति की मृत्यु के उपरांत अपने नाम पर पट्टा प्रदान करने की मांग रखी। ग्राम सिलौटी निवासी शिवप्रसाद साहू ने अपनी काबिज भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। वहीं श्रीमती कस्तूर बाई, श्रीमती राधाबाई, श्रीमती सुमित्रा बाई एवं बिशन सिंह ने अपनी काबिज भूमि पर कृषि कार्य करने की अनुमति प्रदान किए जाने का आवेदन सौंपा।
प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित मामलों में ग्राम गोपालपुरी की श्रीमती चुनेश्वरी साहू ने आवास योजना की पात्रता सूची में नाम शामिल करने तथा ग्राम भाटागांव की श्रीमती वर्षा ने नवीन आवास स्वीकृत किए जाने की मांग की। ग्राम निवासी घनश्याम साहू ने लंबित मजदूरी भुगतान शीघ्र दिलाए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों में सेजस गोकुलपुर के अभिभावकों ने विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया, वहीं ग्राम मोगरागहन के ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी दूर करते हुए आवश्यक पदस्थापना किए जाने का अनुरोध किया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को समय पर समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनदर्शन में जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।