जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर और विधायक ओंकार साहू ने किया जर्जर अटल आवास का निरीक्षण
मुआयने के दौरान भरभराकर गिरीं सीढ़ियां; नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं कई परिवार

जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर एवं धमतरी विधायक ओंकार साहू ने आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी में विवेकानंद वार्ड और जोधापुर वार्ड अटल आवास गृहों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। जिला अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर जब कार्यकर्ताओं के साथ परिसर की बदहाली का जायजा ले रहे थे, तभी अचानक एक जर्जर भवन की मुख्य कंक्रीट की सीढ़ी भरभराकर नीचे गिर गई। जिसमे कुछ कार्यकर्ताओ को हल्की छोटे आई हैं. इस घटना से साफ है कि ये इमारतें अब रहने लायक नहीं बची हैं और कभी भी जमींदोज हो सकती हैं। निरीक्षण के दौरान नेताओं ने पाया कि अटल आवास परिसर की स्थिति पूरी तरह से खंडहर में तब्दील हो चुकी है और लोग नरकीय जीवन जी रहे हैं। छतों की जर्जर स्थिति के कारण ऊपरी मंजिल का पानी नीचे के घरों में भारी मात्रा में लगातार टपक रहा हैं। पानी के रिसाव के कारण पूरे घर की दीवारें हमेशा गीली रहती हैं। इसके चलते बिजली के बोर्ड और दीवारों में करंट उतरने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे मासूम बच्चों की जान पर चौबीसों घंटे खतरा मंडरा रहा है। अधिकांश ब्लॉकों की सीढ़ियां और छज्जे सड़ चुके हैं, मकानों की दीवारों में चौड़ी दरारें आ चुकी हैं। बदहाली से त्रस्त स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूरे अटल आवास को ढहाकर अलग-अलग भागों (चरणबद्ध तरीके) में इसका नए सिरे से पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित आशियाना मिल सके।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर नें कहा हम जिला प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हैं कि या तो तत्काल इन आवासों को अलग-अलग भाग में खाली कराकर इनका पुनः निर्माण शुरू किया जाए, अन्यथा कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन का बिगुल फूंकेगी। विधायक ओंकार साहू नें कहा की यह बेहद शर्मनाक और संवेदनशील मामला है। सरकार और स्थानीय प्रशासन गरीबों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। आज हमारे निरीक्षण के दौरान जो सीढ़ियां भरभराकर गिरीं, उन पर रोज़ मासूम बच्चे और बुजुर्ग चढ़ते-उतरते हैं। अगर प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है, तो कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। इस दौरान योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, खिलेंद्र ध्रुव, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, जिला महामंत्री आकाश गोलछा, पार्षद सुमन मेश्राम, सूरज गहरवार, पूर्व पार्षद सोमेश मेश्राम, शास्त्री सोनवानी, राकेश मौर्या, उदित नारायण साहू, आशुतोष खरे, प्रवीण साहू, अविनाश मारोठे, अभिषेक ठाकुर, मानिक साहू श्रीकांत तिवारी, मानिक साहू, समीन खान वीणा देवांगन, संजय देवांगन, सूरज पासवान, योगेश्वर साहू, धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।