Uncategorized

पुलिस अलर्ट:असामाजिक तत्वों एवं गुंडा-बदमाशों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही जारी

एसपी के निर्देशन में कोतवाली पुलिस एवं चीता स्क्वायड की सघन पेट्रोलिंग, शहर के विभिन्न वार्डों में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर

अड्डेबाजी वाले स्थानों एवं सुनसान इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी, आमजन की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने सतत प्रयास

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम करने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से असामाजिक तत्वों एवं गुंडा-बदमाशों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने अथवा आमजन की सुरक्षा प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस एवं चीता स्क्वायड द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रामबाग वार्ड, विंध्यवासिनी वार्ड, कोस्टापारा वार्ड, मराठापारा, कुम्हारपारा एवं गणेश चौक सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में भ्रमण कर अड्डेबाजी वाले स्थानों, सुनसान इलाकों तथा ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां असामाजिक तत्वों के जमावड़े अथवा संदिग्ध गतिविधियों की आशंका रहती है।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक अड्डेबाजी करने वालों एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, संभावित अपराधों की समय रहते रोकथाम करना तथा शहर में आम नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखना है।
धमतरी पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि त्योहार की आड़ में अशांति फैलाने, कानून-व्यवस्था भंग करने, आम नागरिकों को परेशान करने अथवा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में संलिप्त रहने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की पेट्रोलिंग एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी, ताकि दीपावली पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!