Uncategorized

गाली-गलौज का विरोध करने पर पड़ोसी के पेट में चाकू से किया प्राणघातक हमला, करेलीबड़ी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गंभीर रूप से घायल पीड़ित रायपुर के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती, घटना में प्रयुक्त धारदार स्टील का चाकू बरामद

एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में त्वरित कार्यवाही,आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

धमतरी पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड पुलिस ने गाली-गलौज करने से मना करने की बात पर अपने पड़ोसी के पेट में चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी अवधराम साहू (56 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार स्टील का चाकू भी बरामद कर विधिवत जब्त किया है।प्रार्थिया तामेश्वरी साहू ने चौकी करेलीबड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पड़ोसी अवधराम साहू आए दिन अपने घर की बाड़ी में गाली-गलौज करता रहता था। 21 अक्टूबर को रात्रि लगभग 7:30 बजे प्रार्थिया के पति रोशन साहू एवं पड़ोसी चुम्मन साहू ने आरोपी को गाली-गलौज करने से मना किया। इस बात से आक्रोशित होकर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा अपने पास रखे सब्जी काटने के धारदार स्टील के चाकू से रोशन साहू के पेट पर जानलेवा वार कर दिया।
चाकू के हमले में रोशन साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए उर्मिला अस्पताल, रायपुर ले जाया गया, जहां आईसीयू में उनका उपचार जारी है।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 एवं 109(1) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी की पतासाजी की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना के दौरान आरोपी के कथन के आधार पर उसके घर के आंगन में ईंट के टुकड़ों के नीचे छिपाकर रखा गया घटना में प्रयुक्त धारदार स्टील का चाकू गवाहों की उपस्थिति में विधिवत बरामद कर जब्त किया गया।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने 24 अक्टूबर को आरोपी अवधराम साहू निवासी ग्राम धौराभाठा, चौकी करेलीबड़ी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!