दिल्ली पब्लिक स्कूल, धमतरी में भव्य इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन: छात्र परिषद ने संभाली नेतृत्व की जिम्मेदारी
विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझते हुए उत्कृष्ट नागरिक बने - सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी

धमतरी। दिल्ली पब्लिक स्कूल, धमतरी में नवगठित छात्र परिषद के शपथ ग्रहण एवं अलंकरण हेतु इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अभिषेक चतुर्वेदी, आईपीएस, नगर पुलिस अधीक्षक , धमतरी थे। समारोह में विद्यालय के डायरेक्टर धीरज अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल एवं प्राचार्य डॉ. नितिन कुमार शर्मा, उप प्राचार्या श्रीमती देब्रचना रॉय, समन्वयक सतप्रीत सिंह धनजाल, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पिनिंग सेरेमनी, स्वागत उद्बोधन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा पौधे भेंट कर हरित संदेश के साथ स्वागत किया गया। इसके पश्चात भजन प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर डायरेक्टर धीरज अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में छात्र परिषद के सदस्यों को ईमानदारी, अनुशासन एवं सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया। वहीं प्राचार्य डॉ. नितिन कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करते हुए विद्यालय के आदर्शों को सदैव सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया।समारोह की विशेष आकर्षण सीनियर बैज होल्डर्स के साथ-साथ कक्षा 4 एवं 5 के जूनियर बैज होल्डर्स का अलंकरण रहा। छात्र-छात्राओं को विभिन्न पदों के बैज प्रदान कर उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। इसके बाद सभी पदाधिकारियों ने विद्यालय एवं अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ ली।
विद्यालय के हेड बॉय अनीकेत गायकवाड़ एवं हेड गर्ल परनल चंद्राकर ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यालय का नाम गौरवान्वित करने तथा छात्र-छात्राओं के हित में कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य एवं प्रेरणादायी गीतों ने सभी का मन मोह लिया। संपूर्ण समारोह का प्रभावशाली एवं आत्मविश्वासपूर्ण संचालन वेन्या महावर एवं वेदिका केला ने किया।
विद्यालय की भव्य स्टूडेंट्स परेड का नेतृत्व सुश्री मोनिका गंगवीर के मार्गदर्शन एवं समन्वयक श्री सतप्रीत सिंह धनजाल के निर्देशन में किया गया। अनुशासन एवं एकरूपता से सजी इस परेड ने सभी अतिथियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अभिषेक चतुर्वेदी, आईपीएस ने छात्र परिषद के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन, ईमानदारी और सेवा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझते हुए उत्कृष्ट नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की उप प्राचार्या श्रीमती देब्रचना रॉय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात डायरेक्टर श्री धीरज अग्रवाल एवं प्राचार्य डॉ. नितिन कुमार शर्मा द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न (टोकन ऑफ लव ) भेंट कर सम्मानित किया गया। समूह छायाचित्र एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ।
यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सेवा-भाव विकसित करने की दिशा में विद्यालय का एक प्रेरणादायी प्रयास सिद्ध हुआ।