सार्थक के बच्चों से आत्मीय मुलाकात, पवार परिवार ने बढ़ाया हौसला

धमतरी। मराठापारा की पूर्व पार्षद नीलू पवार अपने पति रितेश पवार, सास चमेली पवार एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सार्थक स्कूल पहुंचीं। पवार परिवार ने विशेष बच्चों से आत्मीय मुलाकात की, उनके साथ समय बिताया, उनकी प्रतिभाओं को करीब से देखा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर रितेश पवार ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सार्थक द्वारा विशेष बच्चों के आत्मनिर्भरता, शिक्षा, प्रशिक्षण और प्रतिभा विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुलाकात के दौरान पूर्व पार्षद नीलू पवार ने उन बच्चों की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से समझा, जो आर्थिक अभाव के कारण ऑटो किराया वहन नहीं कर पाने से नियमित रूप से स्कूल नहीं आ पाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की आर्थिक परिस्थिति उसकी शिक्षा और विकास में बाधा नहीं बननी चाहिए।नीलू पवार ने ऐसे बच्चों के आवागमन की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक फंड की व्यवस्था कराने हेतु हरसंभव प्रयास करने का विश्वास दिलाया। इस दौरान पोते श्रेयांश के जन्मदिन पर दादी चमेली पवार भावुक हुईं।
