Uncategorized

गंगरेल बांध में बढ़ी आवक, 94 प्रतिशत हुआ जल भराव

लगातार आवक बनी रही तो खुल सकते है बांध के गेट

माडमसिल्ली में पूर्ण जल भराव, दुधावा में 83 व सोंढुर बांध में 69 प्रतिशत हो चुका है जल भराव

धमतरी। जिले के जलाशयो में अच्छी बारिश का प्रभाव नजर आ रहा है। सभी बांधो में अच्छी जल भराव की स्थिति है। प्रदेश के बड़े बांध गंगरेल भी पूर्ण जल भराव की ओर है। ऐसे में कभी भी बांध के गेट खुल सकते है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले में स्थित प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े बांध गंगरेल में कुल जल संग्रहण क्षमता 32.150 टीएमसी है। आज समाचार लिखे जाने तक बांध में 30.352 टीएमसी जल भराव हो चुका है। जिसमें उपयोगी जल भराव 25.281 टीएमसी हो चुका है। इस प्रकार बांध में लगभग 94 प्रतिशत जल भराव हो चुका है। गंगरेल बांध के पूर्ण जलभराव के लगभग 1 टीएमसी जल भराव के पूर्व ही बांध से पानी छोडऩा शुरु किया जाता रहा है। और यदि आवक एकाएक बढ़ जाए तो पहले भी बांध के गेट पूर्व वर्षो में खोलने पड़े है। बांध में 9844 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। जबकि 400 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। ऐसे में कभी भी बांध के गेट खुल सकते है।
इसी प्रकार मुरुमुसिल्ली जलाशय में पूर्ण जल भराव हो चुका है। सायफन सिस्टम एक्टिवेट हो चुके है। 34 सायफन स्वयं खुल चुके है। बता दे कि बांध की कुल जल भराव का क्षमता 5.839 टीएमसी है। बांध में 3836 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। और सायफन सिस्टम से इतना ही पानी डिस्चार्ज भी हो रहा है। इसी प्रकार दुधावा बांध की कुल जल संग्रहण क्षमता 10.192 टीएमसी है। बांध में 8.633 टीएमसी जल भराव है जिसमें 8.473 टीएमसी उपयोग जल भराव है। बांध में कुल 83 प्रतिशत जल भराव हो चुका है। आवक 807 क्यूसेक व जावक 140 क्यूसेक है। सोंढुर जलाशय की जल संग्रहण क्षमता 6.995 टीएमसी है। बांध में 5.016 टीएमसी जल भराव है। जिसमें उपयोग जल भराव 4.363 टीएमसी है। बांध में लगभग 69 प्रतिशत जल भराव है। आवक 595 क्यूसेक है। व जावक 592 क्यूसेक रही है।
धमतरी जिले में सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक बारिश
जिले में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। कलेक्टर कार्यालय (भू-अभिलेख शाखा) द्वारा 31 अगस्त 2026 तक की जारी तहसीलवार वर्षा रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक औसतन 920.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 837.1 मिमी की तुलना में 110 प्रतिशत है। यानी इस वर्ष जिले में अब तक सामान्य से करीब 10 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। रिपोर्ट के अनुसार जिले की सातों तहसीलों में अब तक कुल 6442.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं जिले के तहसील की वार्षिक सामान्य वर्षा 1352.4 मिमी मानी जाती है। धमतरी में 978.4 मिमी, कुरूद में 936.0 मिमी ,मगरलोड में 963.3 मिमी, नगरी में 941.3 मिमी, कुकरेल में 918 मिमी, बेलरगांव 862.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। 31 अगस्त को जिले में औसतन 53.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक 69.9 मिमी वर्षा भखारा तहसील में हुई, जबकि धमतरी में 69.4 मिमी, कुकरेल में 62 मिमी, कुरूद में 53.1 मिमी, मगरलोड में 49.9 मिमी, बेलरगांव में 47 मिमी और नगरी में 24.9 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!