औषधि विक्रेता स्वास्थ्य व्यवस्था की अहम कड़ी, सेवा और जिम्मेदारी के साथ करें दायित्वों का निर्वहन : महापौर रामू रोहरा
जिला औषधि विक्रेता संघ के कार्यशाला एवं शपथ ग्रहण समारोह का महापौर ने किया शुभारंभ, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली पद एवं दायित्व की शपथ

धमतरी। जिला औषधि विक्रेता संघ, धमतरी द्वारा सिहावा रोड स्थित शांति वाटिका में कार्यशाला एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महापौर ने दीप प्रज्वलित एवं पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
समारोह के दौरान जिला औषधि विक्रेता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं दायित्व की शपथ ली। अध्यक्ष राजेश साहू, सचिव राकेश साहू एवं कोषाध्यक्ष दिनेश डे ने संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि औषधि विक्रेता स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मरीजों को समय पर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ दवाओं की गुणवत्ता और उचित भंडारण सुनिश्चित करने में उनकी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संघ द्वारा आयोजित कार्यशाला व्यवसाय से जुड़े नवीन नियमों, दायित्वों और जनहित के विषयों पर जानकारी साझा करने का बेहतर मंच है।
महापौर ने कहा कि संगठन की मजबूती तभी सार्थक है, जब उसका लाभ आम नागरिकों और जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचे। औषधि विक्रेताओं को सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज और स्वास्थ्य व्यवस्था में अपनी सकारात्मक भूमिका को और मजबूत करना चाहिए।
कार्यशाला में औषधि व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने, व्यवसाय में पारदर्शिता बनाए रखने तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में औषधि विक्रेता उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए सदस्यों ने संगठन की एकजुटता और जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। समारोह उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
