Uncategorized

हटकेशर स्कूल में विकास की नई सौगात, महापौर रामू रोहरा ने किया प्रार्थना शेड का भूमिपूजन

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी के अंतर्गत हटकेशर स्थित शासकीय स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 9.96 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश रामू’ रोहरा रहे। उनके द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
विशिष्ट अतिथि लोक निर्माण विभाग के सभापति विजय मोटवानी, शिक्षा एवं महिला बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती विभा चंद्राकर सहित एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण, एल्डरमैन एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही।
प्रार्थना शेड का निर्माण होने से स्कूल के विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा एवं विभिन्न सामूहिक गतिविधियों के दौरान धूप और बारिश से राहत मिलेगी। साथ ही विद्यालय में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए भी एक सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। लंबे समय से विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार की आवश्यकता को देखते हुए इस निर्माण कार्य को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। बच्चों को पढ़ाई के साथ सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिले, इसके लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रार्थना शेड के निर्माण से विद्यार्थियों और शिक्षकों को विशेष सुविधा मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं के विकास को लेकर महापौर का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पार्षद चंद्रभागा साहू,वार्ड पार्षद सूरज गहेरवाल,एल्डरमैन सीमा चौबे,प्राचार्य अनीता घोरपडे,घनश्याम साहू,देव शंकर,ओम प्रकाश नाग,रेख राम साहू,आर आर राजपुरिया, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!