Uncategorized

धमतरी के 17 खिलाड़ी राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप में दिखाएंगे प्रतिभा

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

धमतरी- योग को केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मविश्वास के संतुलन का माध्यम मानने वाले धमतरी के युवा अब राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने को तैयार हैं। कोरबा में 18 से 20 सितंबर तक आयोजित होने वाली सातवीं राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप-2026 में धमतरी जिले के लगभग 17 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
खिलाड़ियों के दल को पुलिस लाइन धमतरी से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पीयूष तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर कोरबा के लिए रवाना किया। खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग हमारी भारतीय परंपरा की ऐसी विधा है, जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मन को एकाग्र और जीवन में अनुशासन लाने का काम करती है। खेल के रूप में योगासन को अपनाकर जिले के युवा अपनी प्रतिभा को नई पहचान दे रहे हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेना स्वयं में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सभी खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें तथा धमतरी का नाम गौरवान्वित करें।अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पीयूष तिवारी ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में परिणाम से अधिक महत्वपूर्ण अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार और पूरे मनोयोग से भागीदारी करना है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में धमतरी जिले से विभिन्न वर्गों के लगभग 17 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें पुलिस लाइन से सुजय मंडल, अली एवं अवध राम साहू सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
इस दौरान योग संघ के जिला अध्यक्ष उमराव साहू, संरक्षक डॉ. संदीप साहू, डोमन साहू तथा छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन से भोजेंद्र साहू एवं संतोष ध्रुव उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!