Uncategorized

डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, निगम ने 30 नए रिक्शे कर्मचारियों को सौंपे

महापौर रामू रोहरा ने पूजा-अर्चना कर स्वच्छता कर्मियों को सौंपे रिक्शे, कहा—स्वच्छ और सुंदर धमतरी के लिए संसाधनों की कमी नहीं होने देंगे।

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी के स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में निगम द्वारा कचरा संग्रहण के लिए 30 नग नए रिक्शों की व्यवस्था की गई है। इन नए रिक्शों का विधिवत पूजा-अर्चना कर नगर पालिक निगम के महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा सहित एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं एल्डरमैन की उपस्थिति में स्वच्छता कर्मचारियों को सौंपा गया।
नए रिक्शे मिलने से शहर के विभिन्न वार्डों में घर-घर से कचरा संग्रहण करने वाले स्वच्छता कर्मियों को सुविधा मिलेगी तथा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था को और व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वच्छता कर्मियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि स्वच्छता नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में स्वच्छता कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए निगम लगातार आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रहा है। 30 नए रिक्शों के मिलने से स्वच्छता कर्मियों को घर-घर से कचरा संग्रहण में सुविधा होगी और कचरा उठाव की व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
महापौर ने कहा कि स्वच्छ धमतरी बनाने के लिए केवल निगम का प्रयास पर्याप्त नहीं है, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। नागरिक अपने घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके स्वच्छता कर्मियों को दें और कचरा खुले स्थानों, नालियों एवं सड़कों पर न फेंकें। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल कचरा उठाना नहीं, बल्कि नागरिकों के सहयोग से ऐसी व्यवस्था विकसित करना है जिससे शहर में स्वच्छता की स्थायी संस्कृति विकसित हो।
स्वच्छता कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे शहर को स्वच्छ रखने के लिए प्रतिदिन मेहनत करते हैं। निगम उनके कार्य को सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। महापौर ने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता कर्मियों का सहयोग करें और घर से निकलने वाले कचरे को निर्धारित तरीके से ही सौंपें।
इस अवसर पर एमआईसी एवं प्रभारी स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्यामलाल नेताम ने कहा कि स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था स्वच्छ शहर की बुनियाद है। नए 30 रिक्शों के मिलने से स्वच्छता कर्मियों को वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण करने में काफी सुविधा होगी और कचरा संग्रहण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित किया जा सकेगा।
नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करें, गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग रखें तथा स्वच्छता कर्मियों को ही कचरा सौंपें।
कार्यक्रम के दौरान महापौर रामू रोहरा एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नए रिक्शों की पूजा-अर्चना कर स्वच्छता कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य विभा चंद्राकर, पार्षद चंद्रभागा साहू, संतोष सोनकर, ईश्वर सोनकर, अनीता अग्रवाल, गजेंद्र कंवर तथा एल्डरमैन रितिका यादव, सीमा चौबे सहित निगम के जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!