देशभर के डिजिटल क्रिएटर्स को आकर्षित करेगा धमतरी का गंगरेल पर्यटन क्षेत्र
दिल्ली से पहुंचेंगे 41 डिजिटल क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स, गंगरेल में बोटिंग और पर्यटन गतिविधियों का लेंगे अनुभव

धमतरी- सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने तथा राज्य की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन संभावनाओं को व्यापक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में दिल्ली के 41 डिजिटल क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण पर लाया जा रहा है। निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार यह दल 01 अक्टूबर 2026 को नारायणपुर से धमतरी होते हुए गंगरेल पहुंचेगा।
गंगरेल आगमन के दौरान डिजिटल क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स को जिले की प्राकृतिक सुंदरता, जलाशय आधारित पर्यटन, बोटिंग तथा स्थानीय पर्यटन सुविधाओं का अनुभव कराया जाएगा। इसके साथ ही टीम के लिए बोटिंग, आवास, भ्रमण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस दौरान क्रिएटर्स द्वारा गंगरेल की प्राकृतिक छटा और पर्यटन गतिविधियों को डिजिटल माध्यमों से देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने की संभावना है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन एवं विभागों के बीच समन्वय के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धमतरी श्री पीयूष तिवारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में संबंधित विभागों द्वारा टीम के आगमन से लेकर बोटिंग, आवास, सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समयबद्ध समन्वय किया जाएगा।
इस अवसर पर गंगरेल की प्राकृतिक सुंदरता, जलाशय, हरित परिवेश, बोटिंग और स्थानीय पर्यटन अनुभव को डिजिटल कंटेंट के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रचारित करने पर विशेष जोर रहेगा। इससे धमतरी को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में देश के विभिन्न हिस्सों में पहचान दिलाने और संभावित पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के दौरान आवश्यक सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, विद्युत, चिकित्सा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं के लिए भी संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा। किसी भी आकस्मिक आवश्यकता की स्थिति में नोडल अधिकारी द्वारा संबंधित विभागों से तत्काल समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
डिजिटल क्रिएटर्स की यह यात्रा गंगरेल की पर्यटन संभावनाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ धमतरी की प्राकृतिक विरासत, आतिथ्य और पर्यटन अनुभव को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
