वनांचल के गौतम ऋषि पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल, ग्रामीणों से संवाद कर कलेक्टर ने जानी समस्याएं
मांदागिरी में पर्यटन विकास के प्रस्ताव पर हुई चर्चा, सड़क-पुल निर्माण से आवागमन सुगम बनाने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर


धमतरी। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र में प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और ग्रामीण आजीविका की अपार संभावनाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को नगरी विकासखंड के वनांचल एवं उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र अंतर्गत मांदागिरी स्थित प्राचीन गौतम ऋषि पहाड़ का भ्रमण किया। पूजा-अर्चना की ।इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्र में पर्यटन विकास, आवागमन की सुविधा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। भ्रमण में वनमंडलाधिकारी श्री कृष्णा जाधव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
पहाड़ की चढ़ाई के दौरान ग्रामीण महिलाओं से किया संवाद
गौतम ऋषि पहाड़ की ओर जाते समय कलेक्टर श्री मिश्रा ने ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। गौतम ऋषि पहाड़ के पर्यटन विकास के लिए समिति ने प्रस्ताव सौंपा। प्रस्ताव में गौतम ऋषि पहाड़ तक लगभग 12 किलोमीटर लंबे इको-ट्रैकिंग मार्ग के विकास, पर्यटकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नगरी-करका-मांदागिरी से मेचका तक लगभग 55 किलोमीटर बारहमासी सड़क निर्माण की मांग शामिल है।
माहुल पत्ता और रेशम कीट गतिविधियों का भी किया निरीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा एवं अधिकारियों की टीम दुर्गम क्षेत्र में बाइक से पहुंची और गौतम ऋषि से संबंधित मांदागिरी केंद्र तथा आसपास की गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने माहुल पत्ता संग्रहण और रेशम कीट पालन से जुड़ी गतिविधियों का निरीक्षण कर इनके माध्यम से ग्रामीणों की आजीविका बढ़ाने की संभावनाओं पर जानकारी ली। इस अवसर पर ग्रामीण मौसमी मानचित्र कुटिया का शुभारंभ किया ।

