दर्री सरपंच की सक्रियता से खंरेगा देवपुर सड़क कार्य में आई तेजी, डामरीकरण से पूर्व गिट्टी बिछाई प्रारंभ
कोलियरी से डोंगापथरा तक सड़क को शीघ्र बनाए, क्योंकि क्षेत्र में अन्य कोई विकल्प नहीं -: हिमांशु शेखर साहू

धमतरी। कोलियरी खंरेगा देवपुर जोरातराई निर्माणधीन सड़क जिसकी लंबाई 32 किलोमीटर है में कोलियरी चौक से डोंगा पथरा तक की सड़क को बरसात से पूर्व ही निर्माण करते हुए इस क्षेत्र में रहने वाले ग्राम वासियों तथा आम जनता के लिए सुगमता पूर्वक आवागमन के लिए समर्पित करने हेतु ग्राम दर्री के सरपंच तथा धमतरी ब्लॉक सरपंच संघ के अध्यक्ष हिमांशु शेखर साहू ने कलेक्टर से बीते दिनों मुलाकात करते हुए समस्या से अवगत कराते हुए कहा कि उक्त सड़क का निर्माण एक लंबे समय से लंबित होने के कारण अब जनता के बीच में आक्रोश उत्पन्न होने लगा है क्योंकि काम की गति धीमी तथा समय-समय पर गुणवत्ता के संबंध में भी जिला प्रशासन के साथ ही लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों का ध्यान इस और आकृष्ट कराया जाता रहा है वर्तमान में भी नदी तट के देवपुर तक के ग्रामों के लिए किसी प्रकार का कोई वैकल्पिक मार्ग न होने के कारण बरसात के दिनों में आवागमन के लिए बहुत परेशानी निर्मित होती है इसलिए सर्वप्रथम प्राथमिकता के आधार पर कोलियरी से लेकर 15 किलोमीटर तक के मार्ग को डामरीकरण करते हुए पूर्ण स्वरूप में लाया जाए।
सरपंच संघ के अध्यक्ष हिमांशु शेखर साहू ने बताया कि आगामी समय में अति शीघ्र कलेक्टर द्वारा सरपंच संघ के आग्रह पर इस सड़क के निर्माण में हो रही लेट लतीफी के लिए संबंधित एजेंसी को तलब करने सहित अन्य क्षेत्रीय समस्याओं के लिए बैठक किए जाने की बात कही गई है।

