स्केटिंग प्रतियोगिता में धमतरी के प्रतिभावान छात्र प्रिभव ने जीता कांस्य पदक
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया जिले का मान

धमतरी। जिले के प्रतिभावान स्केटिंग खिलाड़ी प्रिभव अग्रवाल ने राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से धमतरी जिले का गौरव बढ़ा है। प्रिभव की सफलता पर खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर के सरोना स्थित सीबीएसई खेल परिसर में 11 अक्टूबर से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें धमतरी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए स्केटिंग खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में धमतरी के मिलेनियम स्कूल की कक्षा छठवीं के छात्र प्रिभव अग्रवाल ने बेहतरीन खेल कौशल और शानदार प्रदर्शन के दम पर कांस्य पदक हासिल किया। कम उम्र में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
प्रिभव की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और धमतरी जिले में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति रुचि रखने और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

