Uncategorized

बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी सर्वोच्च प्राथमिकता पर हो: कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

10वीं–12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्राचार्यों की समीक्षा बैठक

धमतरी, 05 फरवरी 2026।कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत के सभा कक्ष में जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करना तथा परीक्षा संचालन को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो उनके भविष्य की दिशा तय करती हैं। अतः परीक्षा से संबंधित समस्त कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी को सुदृढ़ करने के लिए नियमित अतिरिक्त कक्षाएं, रिवीजन सत्र, मॉडल प्रश्नपत्र अभ्यास तथा विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देते हुए उनकी निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर ने परीक्षा केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश, बैठने की पर्याप्त सुविधा तथा परीक्षा कक्षों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभय जायसवाल ने बोर्ड परीक्षाओं की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए परीक्षा केंद्रों की तैयारियों, गोपनीय सामग्री के सुरक्षित वितरण, प्रश्नपत्रों एवं उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन तथा मूल्यांकन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय स्तर पर परिणाम सुधार हेतु रणनीतिक कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन करने तथा नियमित मूल्यांकन के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रगति पर नजर रखने की आवश्यकता बताई।
जिला मिशन समन्वयक द्वारा समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने अभिभावकों के साथ सतत संवाद बनाए रखने, विद्यार्थियों को परीक्षा तनाव से मुक्त रखने तथा परामर्श सत्रों के माध्यम से उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाने पर बल दिया।
बैठक के अंत में सभी प्राचार्यों ने अपने-अपने विद्यालयों में प्राप्त निर्देशों का पूर्ण गंभीरता से पालन करते हुए बोर्ड परीक्षाओं में जिले के परिणामों को और बेहतर बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!