Uncategorized

धमतरी में कल होगा सेना भर्ती रैली ड्रिल एवं मेडिकल टेस्ट, 1600 मीटर दौड़ में दम दिखाएंगे प्रदेश के युवा

प्रथम स्थान पर 5001 रु, द्वितीय पर 3001 रु, तृतीय पर 1001 रु नकद पुरस्कार, इंडोर स्टेडियम में सुबह 6 बजे से होगा आयोजन

 

धमतरी- देश सेवा का जज्बा दिल में लिए, वर्दी पहनने का सपना आंखों में सजाए हजारों युवाओं के लिए कल का दिन बेहद खास होने वाला है। निःशुल्क कमांडो प्रशिक्षण केन्द्र एवं मिलिट्री एकेडमी, धमतरी के तत्वावधान में कल यानि 22 नवंबर, दिन रविवार को सेना भर्ती रैली ड्रिल एवं मेडिकल टेस्ट का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन धमतरी के इंडोर स्टेडियम में प्रातः 6 बजे से प्रारंभ होगा। इसमें प्रदेश भर से वर्दीधारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवा अपनी शारीरिक क्षमता का दम दिखाएंगे।

*1600 मीटर की दौड़ होगी मुख्य आकर्षण*

आयोजन का मुख्य आकर्षण 1600 मीटर की दौड़ होगी। यही दौड़ सेना भर्ती की असली परीक्षा मानी जाती है। इस दौड़ में जो युवा समय पर, अनुशासन के साथ और पूरी ताकत से दौड़ेगा, वही विजेता बनेगा। दौड़ के माध्यम से अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता, गति, सहनशक्ति, समय प्रबंधन और मानसिक मजबूती को परखा जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता केवल दौड़ नहीं है, बल्कि आगामी सेना भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा का एक वास्तविक ट्रायल है। जो युवा यहां अपनी कमियों को समझ लेगा, वह असली भर्ती में कभी नहीं हारेगा।

*केवल छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग*

इस प्रतियोगिता में केवल छत्तीसगढ़ राज्य के ऐसे युवा भाग ले सकेंगे, जो किसी भी वर्दीधारी नौकरी – सेना, पुलिस, अर्धसैनिक बल, वन विभाग सहित अन्य सेवाओं की तैयारी कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना है, ताकि वे आगामी भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।

*निदेशक जीवन राम निषाद ने दी जानकारी*

निःशुल्क कमांडो प्रशिक्षण केन्द्र एवं मिलिट्री एकेडमी, धमतरी के निदेशक तथा पूर्व सैनिक एवं आर्मी इंस्ट्रक्टर जीवन राम निषाद ने बताया कि इस आयोजन का एक ही मकसद है – गांव-गांव के गरीब और मेहनती युवाओं को सही मंच देना। उन्होंने कहा, हमारा युवा मेहनत में किसी से कम नहीं है, बस उसे सही दिशा, सही ग्राउंड और सही मार्गदर्शन चाहिए। यही मंच उसे फौजी बनने की राह दिखाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश शुल्क मात्र 100 रुपये निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रातः 5:00 बजे से 6:00 बजे तक ही मान्य होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचकर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।

*विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार*

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को 5001 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3001 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1001 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को मेडिकल टेस्ट और ड्रिल का भी अनुभव मिलेगा।

*आधार कार्ड लाना अनिवार्य*

प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। इसके बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को स्पोर्ट्स ड्रेस, पानी की बोतल और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

*युवाओं से की गई अपील*

आयोजकों ने कहा कि सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं अपनी क्षमता का आकलन करने, समय प्रबंधन और शारीरिक सहनशक्ति विकसित करने का सबसे अच्छा अवसर हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस आयोजन का लाभ उठाने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!