Uncategorized

प्रदीप पिल्लई ने सार्थक स्कूल के विशेष बच्चों को भेंट की चप्पलें, उड़ान 2026 के लिए किया आमंत्रित

बच्चों के पैरों के नाप के अनुसार अपने हाथों से पहनाईं, मनपसंद रंग चुनकर खिले चेहरे, गीतों से किया स्वागत

विशेष बच्चों के प्रति स्नेह और संवेदनशीलता का एक आत्मीय उदाहरण देखने को मिला, जब गोल्डन इमपैथी फाउंडेशन (ज़ीई फाउंडेशन ), भिलाई के डायरेक्टर प्रदीप पिल्लई सार्थक स्कूल, धमतरी पहुँचे। बच्चों ने गीत गाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के सभी बच्चों को चप्पलें उपहार स्वरूप प्रदान कीं। खास बात यह रही कि प्रदीप पिल्लई ने प्रत्येक बच्चे के पैर के नाप के अनुसार अपने हाथों से स्नेहपूर्वक चप्पलें पहनाईं। बच्चों को अपनी पसंद के रंग चुनने का अवसर भी मिला। मनपसंद रंग की चप्पलें पाकर बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी।
इस दौरान प्रदीप पिल्लई ने बताया कि गोल्डन इमपैथी फाउंडेशन द्वारा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और अपनी क्षमताओं के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष में तीन बार उड़ान कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी श्रृंखला में 10वें वार्षिक उड़ान 2026 के अंतर्गत 13 दिसंबर को दिव्यांग मैदान, सिविक सेंटर, भिलाई में राज्यस्तरीय खेलकूद एवं ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सार्थक स्कूल के बच्चों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ ड्राइंग एवं पेंटिंग की गतिविधियाँ भी होंगी। खेलों में विजेता प्रतिभागियों को पदक प्रदान किए जाएंगे तथा सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया जाएगा। वहीं प्रत्येक विद्यालय से चयनित श्रेष्ठ तीन पेंटिंग्स को प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा। उड़ान के माध्यम से विशेष बच्चों को अपनी रुचि, रचनात्मकता और खेल प्रतिभा सामने लाने का अवसर मिलता है।
सार्थक स्कूल की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को दिया गया यह उपहार उनके लिए बेहद उपयोगी है। विशेष रूप से प्रदीप जी का प्रत्येक बच्चे के पैर के नाप का ध्यान रखते हुए स्वयं अपने हाथों से चप्पलें पहनाना उनके आत्मीय व्यवहार और बच्चों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। बच्चों के लिए यह पहला अनुभव था, जिससे वे बेहद उत्साहित और प्रसन्न हुए। उन्होंने बताया कि ज़ी ई फाउंडेशन सार्थक स्कूल के विशेष बच्चों को मंच प्रदान करने वाली पहली संस्थाओं में से एक रही है। उड़ान के आयोजनों के माध्यम से बच्चों को खेलकूद, ड्राइंग-पेंटिंग एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलते रहे हैं। उन्होंने प्रदीप पिल्लई एवं ज़ी ई फाउंडेशन की पूरी टीम का बच्चों के प्रति स्नेह, निरंतर प्रोत्साहन और इस उपयोगी उपहार के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विशेष शिक्षक देविका दीवान, कंप्यूटर प्रशिक्षक कौशिल्या यादव तथा कला प्रशिक्षक काजल रजक तथा पालक सविता शेख एवं प्रेमबती साहू का सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!