Uncategorized

पति के सेवाकाल के दस्तावेजों के लिए वृद्ध पत्नी का गांधी मैदान में धरना, अनशन

पेंशनर्स एसोसिएशन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, वर्षों पुराने सेवा अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग

धमतरी। अपने दिवंगत पति के सेवाकाल से जुड़े महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेजों की जानकारी और प्रमाणित प्रतियां प्राप्त करने के लिए एक महिला को लंबे समय से सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। जिम्मेदार विभागों से अपेक्षित जानकारी नहीं मिलने से परेशान होकर दिवंगत झुमुकलाल चंद्राकर की पत्नी नेमीन बाई चंद्राकर द्वारा धमतरी के गांधी मैदान में धरना एवं अनशन किया जा रहा है। इस मामले में पेंशनर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ प्रदेश ने भी महिला के समर्थन में आवाज उठाते हुए जिला प्रशासन से शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है।
पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष यशवंत देवान की ओर से कलेक्टर धमतरी के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया गया है। ज्ञापन के अनुसार, नेमीन बाई चंद्राकर के पति स्वर्गीय झुमुकलाल चंद्राकर जून 1978 से 30 जून 1986 तक धमतरी के मुख्य ग्राम योजना कार्यालय में पशु चिकित्सा क्षेत्र सहायक के पद पर कार्यरत थे। उनके सेवाकाल से संबंधित मंथली सैलरी पेमेंट रजिस्टर, जीपीएफ (GPF), एफबीएफ (FBF) कटौती पंजी सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां मांगी जा रही हैं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में शासन स्तर पर आदेश एवं विभागीय निर्देश जारी होने के बावजूद संबंधित कार्यालयों से अभिलेखों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों को भी इस संबंध में लिखित निर्देश दिए जाने का उल्लेख किया गया है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
वहीं मुख्य ग्राम योजना कार्यालय धमतरी द्वारा 29 मई 2026 एवं 18 जुलाई 2026 को दी गई लिखित जानकारी में बताया गया कि स्वर्गीय झुमुकलाल चंद्राकर को दिसंबर 1984 तक वेतन भुगतान किया गया था, लेकिन इसके बाद के सेवाकाल से संबंधित अन्य अभिलेख कार्यालय में उपलब्ध नहीं हैं।
पेंशनर्स एसोसिएशन ने ज्ञापन में यह भी बताया है कि वर्ष 1978 से जून 1986 तक के सेवाकाल से जुड़े दस्तावेज महिला के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में संबंधित विभागों को उपलब्ध अभिलेखों की तलाश कराकर उनकी प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध करानी चाहिए। साथ ही अभिलेखों के अनुपलब्ध होने की स्थिति में इसकी स्पष्ट जानकारी और उचित जवाब भी दिया जाना चाहिए।
न्याय की आस में गांधी मैदान में अनशन
पति के सेवाकाल से संबंधित दस्तावेजों को प्राप्त करने के लिए नेमीन बाई चंद्राकर का गांधी मैदान में धरना एवं अनशन करना प्रशासनिक व्यवस्था के सामने कई सवाल खड़े कर रहा है। एक महिला को अपने दिवंगत पति की नौकरी से जुड़े पुराने दस्तावेजों के लिए इस तरह संघर्ष करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में प्रमुख मांग:

स्वर्गीय झुमुकलाल चंद्राकर के सेवाकाल के मंथली सैलरी पेमेंट रजिस्टर, जीपीएफ एवं एफबीएफ कटौती पंजी सहित उपलब्ध समस्त अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां नेमीन बाई चंद्राकर को प्रदान की जाएं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!