Uncategorized

गुरुद्वारा एवं श्वेतांबर जैन मंदिर दादा बाड़ी पहुंचे बच्चपन प्ले स्कूल के नन्हे बच्चे, मत्था टेककर लिया आशीर्वाद

धर्म, प्रेम, सेवा, समानता और मानवता के संस्कारों से रूबरू हुए बच्चे, धार्मिक स्थलों के भ्रमण से मिला सर्वधर्म सद्भाव का संदेश

धमतरी। बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से आज बच्चपन प्ले स्कूल के नन्हे बच्चों एवं शिक्षकगण ने धमतरी स्थित गुरुद्वारा साहिब तथा आमापारा स्थित श्वेतांबर जैन मंदिर दादा बाड़ी का शैक्षणिक एवं धार्मिक भ्रमण किया। इस दौरान सभी बच्चों ने दोनों धार्मिक स्थलों में श्रद्धापूर्वक मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरुद्वारा साहिब में बच्चों को सिख धर्म की परंपराओं, गुरुद्वारे की महत्ता तथा सेवा, समर्पण, प्रेम, भाईचारे और मानवता के मूल्यों से परिचित कराया गया। वहीं श्वेतांबर जैन मंदिर दादा बाड़ी में बच्चों ने जैन धर्म की परंपराओं एवं धार्मिक मान्यताओं को जाना और अहिंसा, करुणा, दया, शांति तथा जीवों के प्रति प्रेम का संदेश समझा।
इस अवसर पर शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि सभी धर्म हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, समानता, शांति और दूसरों की मदद करने की सीख देते हैं। धर्म चाहे कोई भी हो, उसका मूल संदेश मानवता और अच्छे कर्मों की प्रेरणा देना है।
दोनों धार्मिक स्थलों के भ्रमण के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह एवं जिज्ञासा देखने को मिली। नन्हे-मुन्नों के लिए यह भ्रमण आनंददायक होने के साथ-साथ ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक भी रहा।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी ज्ञान के साथ नैतिक शिक्षा, आध्यात्मिक संस्कार और सामाजिक व्यवहार का ज्ञान देना भी बेहद जरूरी है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के मन में बचपन से ही सर्वधर्म सद्भाव, आपसी सम्मान, प्रेम और मानवता के अच्छे संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!