दीपावली पर स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी करने की पार्षद निलेश लुनिया ने की अपील
कहा,त्योहार के अवसर पर स्थानीय बाजारों से सामान खरीदकर व्यापारी परिवारों की खुशियों में सहभागी बनें

धमतरी। दीपावली के पर्व पर स्थानीय व्यापार और बाजारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगर निगम धमतरी के पार्षद निलेश लुनिया ने शहरवासियों से स्थानीय दुकानदारों एवं व्यापारियों से खरीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहार के अवसर पर स्थानीय बाजारों से सामान खरीदकर व्यापारी परिवारों की खुशियों में सहभागी बनें।
सदर उत्तर वार्ड पार्षद लुनिया ने कहा कि स्थानीय व्यापारी शहर की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके व्यापार से न केवल उनके परिवार का भरण-पोषण होता है, बल्कि बच्चों की शिक्षा और परिवार की अन्य आवश्यकताएं भी पूरी होती हैं। ऐसे में दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करना उनके लिए आर्थिक संबल साबित हो सकता है।
उन्होंने शहरवासियों से ऑनलाइन खरीदारी के बजाय अपने आसपास की दुकानों और स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोगों की छोटी-सी खरीदारी भी किसी व्यापारी के परिवार के लिए बड़ी खुशियों का कारण बन सकती है।
निलेश लुनिया ने कहा कि यदि शहरवासी अपने बाजारों से खरीदारी करेंगे, तो स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और शहर की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से इस दीपावली स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करने का संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारी मजबूत होंगे, तभी स्थानीय बाजारों में रौनक बढ़ेगी और धमतरी आर्थिक रूप से आगे बढ़ेगा। अंत में उन्होंने शहरवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।