बाईपास में कार अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी, दो गंभीर
मुजगहन-बागतराई के बीच बाईपास पर हुआ हादसा, कार के उड़े परखच्चे
धमतरी। नेशनल हाईवे बाईपास पर मुजगहन और बागतराई के बीच सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से कांकेर की ओर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की है। कार क्रमांक CG 04 HU 7829 में सवार लोग रायपुर से कांकेर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुजगहन और बागतराई के बीच बाईपास पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे खेत में जा घुसी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में रायपुर निवासी शिवम मिश्रा और अनिल अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए ब्लू हिल्स अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार अचानक अनियंत्रित कैसे हुई। हादसे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
