राष्ट्रीय खाद्य तेल एवं तिलहन मिशन के तहत कृषक सम्मेलन सह खेत बचाओ अभियान का शुभारंभ
महापौर रामू रोहरा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा एवं जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन ने किसानों के हित में संचालित अभियान का किया शुभारंभ
कृषि भूमि का संरक्षण, तिलहन उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आर्थिक समृद्धि पर दिया जोर

धमतरी। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोडऩे, तिलहन फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने, कृषि भूमि के संरक्षण एवं किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय खाद्य तेल एवं तिलहन मिशन अंतर्गत कृषक सम्मेलन सह खेत बचाओ अभियान का आयोजन नवीन कृषि उपज मंडी, श्यामतराई में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा एवं जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन ने किया।
महापौर रामू रोहरा ने कहा—किसानों की समृद्धि से ही मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
महापौर रामू रोहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की आधारशिला है और किसान देश की खाद्य सुरक्षा एवं आर्थिक समृद्धि के प्रमुख आधार हैं। किसानों के परिश्रम से ही समाज को अन्न प्राप्त होता है और देश की विकास यात्रा आगे बढ़ती है। इसलिए किसानों के हितों की रक्षा करना, उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोडऩा तथा खेती को लाभकारी बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
निरंजन सिन्हा ने किसानों की आर्थिक मजबूती और सहकारिता के महत्व पर दिया जोर
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष श्री निरंजन सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किसानों को समय पर आवश्यक जानकारी, उचित मार्गदर्शन और कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ मिलना जरूरी है। सहकारिता व्यवस्था किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सहकारी संस्थाओं एवं बैंकों के माध्यम से किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उन्हें योजनाओं से जोडऩे के प्रयास किए जाते हैं।

