टिकरापारा में घर में घुसकर तलवार व लाठी-डंडों से हमला, गाली-गलौज एवं धमकी देने के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार
एसपी धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्यवाही, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

घटना में प्रयुक्त बांस के डंडे जब्त, सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही; अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों एवं हिंसक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत टिकरापारा में घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
21 अक्टूबर की रात्रि लगभग 10:30 बजे प्रार्थिया अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी। इसी दौरान टिकरापारा के लगभग 10 से 12 युवक तलवार, बेसबॉल स्टिक एवं लाठी-डंडों से लैस होकर कथित रूप से जबरन उसके घर में घुस आए। आरोपियों द्वारा प्रार्थिया के साथ झूमाझटकी करते हुए गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।अपनी जान बचाने के लिए प्रार्थिया जब अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची, तो आरोपियों द्वारा वहां भी घर के अंदर घुसकर गाली-गलौज करने तथा तलवार एवं लाठी-डंडे लहराकर भय का माहौल उत्पन्न करने की बात सामने आई।प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी द्वारा तत्काल थाने में अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 189(4), 190, 191(3) एवं 331(6) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया गया तथा सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं संलिप्तता के संबंध में विवेचना की गई। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए निम्नलिखित 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनमे देवेन्द्र नेताम उर्फ पप्पू, 30 वर्ष, पिता देवलाल नेताम, निवासी टिकरापारा वार्ड, आदित्य मसीह, 19 वर्ष, पिता अनिल मसीह, निवासी टिकरापारा, हिमांशु राकुडला, 20 वर्ष, पिता धीरेन्द्र कुमार राकुडला, निवासी रिसाईपारा पश्चिम वार्ड,हर्ष अंगारे उर्फ छोटू,20 वर्ष, पिता चंद्रहास अंगारे, निवासी टिकरापारा, रूद्रेश प्रताप साहू, 29 वर्ष, पिता स्व. राजेश साहू,निवासी रिसाईपारा पश्चिम, धमतरी शामिल है.पुलिस द्वारा आरोपियों से घटना में प्रयुक्त बांस के डंडे जब्त किए गए। गिरफ्तार सभी 5 आरोपियों को विधिवत माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, धमतरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
▪️*धमतरी पुलिस की अपील*
धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की हिंसा, हथियारों का प्रदर्शन, जबरन घर में प्रवेश अथवा किसी को भयभीत करने जैसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को दें। असामाजिक एवं कानून-विरोधी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।