धमतरी में बाहरी मजदूरों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य करने की मांग, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
मकान मालिकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बाहरी मजदूरों का सत्यापन कराने निर्देश जारी करने की मांग

धमतरी। जिले में बाहरी राज्यों एवं अन्य क्षेत्रों से आकर किराए के मकानों में रहने वाले लोगों तथा दुकानों, फैक्ट्रियों और अन्य प्रतिष्ठानों में काम करने वाले मजदूरों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किए जाने की मांग उठी है। इस संबंध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के धमतरी जिला अध्यक्ष निखिलेश देवान साहू के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से धमतरी जिले में बाहरी क्षेत्रों और अन्य राज्यों से आकर किराए के मकानों में रहने वाले लोगों तथा दुकानों और फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों की संख्या में वृद्धि हुई है। ऐसे में जिले की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बाहरी लोगों का पुलिस सत्यापन कराया जाना आवश्यक है।
पार्टी ने कहा कि पुलिस सत्यापन होने से किसी भी असामाजिक या आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्ति की पहचान करने में सहायता मिल सकती है। इससे शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी।
मकान मालिकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निर्देश देने की मांग
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि धमतरी शहर सहित ग्रामीण थाना क्षेत्रों में मकान मालिकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को बाहर से आने वाले लोगों एवं मजदूरों का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य किया जाए। इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं सत्यापन अभियान चलाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि थाना स्तर पर विशेष अभियान चलाकर नियमों का पालन नहीं करने वाले संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पुलिस प्रशासन के निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित हो सके।
जनहित और सुरक्षा को बताया प्राथमिकता
पार्टी पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से जनहित एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। उनका कहना है कि बाहरी लोगों का पुलिस सत्यापन सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।इस दौरान सोमन राम टोमराज देवांगन यादराम शेष कुमार कुंजलाल डोमेश्वर साहू युमेश साहू आदि मौजूद रहे.
