Uncategorized

शंकरदाह धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ, 21 क्विंटल प्रति एकड़ बोनस का निर्णय किसानों के लिए बड़ी राहत : उमेश साहू

मौसम की मार से प्रभावित किसानों को राहत देने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार का महत्वपूर्ण निर्णय - उमेश साहू, प्रियंका सिन्हा एवं महावीर सिन्हा ने किसानों को किया संबोधित

धमतरी। शंकरदाह धान खरीदी समिति में आज धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित धमतरी जिला भाजपा मीडिया प्रभारी उमेश साहू ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार किसानों की मेहनत, उनकी आय और उनके सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उमेश साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है और यहाँ की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार किसान हैं। किसान दिन-रात मेहनत कर अन्न उत्पादन करते हैं। उनकी मेहनत से ही प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। इसलिए किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और विपरीत परिस्थितियों में उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण अनेक किसानों को फसल उत्पादन में नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे कठिन समय में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने किसानों की परिस्थितियों को समझते हुए राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ बोनस का निर्णय किसानों के लिए बड़ी राहत उमेश साहू ने विशेष रूप से सरकार के इस महत्वपूर्ण निर्णय का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार मौसम की मार से किसानों के धान उत्पादन में कमी आने के बावजूद उन्हें आर्थिक नुकसान से राहत देने के लिए 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से बोनस राशि देने का निर्णय किसानों के लिए बहुत बड़ी सौगात है। किसान यदि अपनी वास्तविक उपज के कारण खरीदी केंद्र में कम धान बेच पाते हैं, तब भी निर्धारित पात्रता एवं शासन के नियमों के अनुसार उन्हें 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से बोनस का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बताता है कि भाजपा सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके हित में फैसले ले रही है। यह किसानों की मेहनत का सम्मान और मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहने का मजबूत संदेश है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी करना किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। धान का उचित मूल्य और बोनस की राशि किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करेगी। भाजपा सरकार का संकल्प है कि किसान खुशहाल हों और उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित बने। कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष प्रियंका सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसान हमारे समाज और प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। खेती-किसानी केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान है। प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने सभी किसान भाइयों को धान खरीदी सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खरीदी केंद्र में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी को शासन की योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। समिति अध्यक्ष महावीर सिन्हा ने अपने उद्बोधन में उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं किसान भाइयों का स्वागत करते हुए कहा कि शंकरदाह धान खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा और सुचारु खरीदी व्यवस्था के लिए समिति पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगी। किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान पूरे वर्ष मेहनत करके अपनी फसल तैयार करते हैं, इसलिए उनकी उपज की खरीदी सम्मानजनक एवं पारदर्शी तरीके से होना आवश्यक है। उन्होंने सभी किसानों से समिति को सहयोग प्रदान करने की अपील करते हुए धान खरीदी सत्र की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भाजपा नेता राजीव सिन्हा एवं रामकृष्ण मंडावी सरपंच रमी गौतम प्रबंधक टीकाराम सिन्हा ने भी किसानों के हित में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर किसान संदीप साहू, नंद कुमार नेताम, रामलाल ध्रुव, चम्पालाल साहू, राखीराम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। कार्यक्रम में सभी अतिथियों ने किसानों को धान खरीदी सत्र की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं कृषि क्षेत्र की समृद्धि की कामना की। अंत में उमेश साहू ने कहा कि किसान खुशहाल होगा, तभी गांव खुशहाल होगा और गांव खुशहाल होगा, तभी हमारा छत्तीसगढ़ विकसित एवं समृद्ध बनेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश सरकार के प्रति किसानों की ओर से आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!