इंडोर स्टेडियम में तीन दिवसीय ‘आर.आर. कप रामू रोहरा सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप’ का भव्य शुभारंभ
महापौर रामू रोहरा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित, विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ी

धमतरी- शहर के इंडोर स्टेडियम में तीन दिवसीय आर.आर. कप रामू रोहरा सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन 20, 21 एवं 22 नवंबर को किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ महापौर रामू रोहरा, पार्षद गजेंद्र कंवर, नंदू लोधी एवं गोमती रजक द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर किया गया।
इस तीन दिवसीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में धमतरी सहित गीदम, कांकेर, बेलर, कुरूद एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से 80,90 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। प्रतियोगिता में सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, कौशल, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देंगे।इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। छोटी उम्र से ही बच्चों को खेलों से जोड़ना आवश्यक है, क्योंकि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन करने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
महापौर ने कहा कि धमतरी में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन स्थानीय एवं आसपास के क्षेत्रों की उभरती खेल प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें भविष्य में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा मिलती है।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन का उद्देश्य सब-जूनियर खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल उपलब्ध कराना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देना है।
