सम्मान समारोह के मंच का राजनीतिकरण मितानिन दीदियों का अपमान – कविंद्र जैन
कहा,कार्यकर्ता सम्मेलन और मितानिन सम्मान समारोह का एक ही मंच से आयोजन राजनीतिक सुचिता के विरुद्ध
धमतरी। धमतरी की पुरानी कृषि उपज मंडी में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम को लेकर भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री कविंद्र जैन ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ मितानिन सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।श्री जैन ने कहा कि मितानिन दीदियां स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में समर्पित भाव से काम करती हैं। उनका किसी राजनीतिक दल से कोई संस्थागत संबंध नहीं है। वे समाज के प्रत्येक वर्ग की सेवा करती हैं। ऐसे में उनके सम्मान के नाम पर राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करना और उन्हें उसमें आमंत्रित करना मितानिन कार्यक्रम की निष्पक्ष पहचान और गरिमा पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संभवतः जिले में कांग्रेस को अपने कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए अपेक्षित संख्या में कार्यकर्ता जुटाने में कठिनाई हो रही है। यही कारण है कि कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ मितानिन सम्मान समारोह को भी जोड़ दिया गया।
श्री जैन ने कहा कि मितानिन दीदियों का कार्य समाज में अत्यंत महत्वपूर्ण और सम्मानजनक है। यदि विधायक को वास्तव में उनका सम्मान करना था, तो इस आयोजन को पूर्णतः गैर-राजनीतिक रखा जाना चाहिए था। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंच पर उपस्थित थे और इसी मंच से उनके हाथों कुछ व्यक्तियों का तथाकथित रूप से कांग्रेस प्रवेश भी कराया गया.
श्री जैन ने विधायक ओंकार साहू से सीधे सवाल करते हुए कहा कि उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि मितानिन दीदियों को किस हैसियत से और किस उद्देश्य से इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था? क्या उन्हें यह जानकारी थी कि जिस कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित करने के लिए बुलाया जा रहा है, उसी मंच से कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन और पार्टी प्रवेश भी कराया जाएगा?

