Uncategorized

गुरु नानक जयंती पर महापौर रामू रोहरा ने दी नगरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ,

कहा – गुरु नानक देव जी का जीवन और उनकी शिक्षाएँ संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत

धमतरी- गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व (गुरु नानक जयंती) के शुभ अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर जगदीश रामू रोहरा ने समस्त नगरवासियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। इस अवसर पर उन्होंने गुरु नानक देव जी के महान व्यक्तित्व, उनके आदर्शों एवं मानवता के कल्याण के लिए दिए गए अमूल्य संदेशों का स्मरण करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन और सदाचार का अनुपम उदाहरण है।
महापौर श्री रोहरा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानव समाज को सत्य, सेवा, प्रेम, करुणा, समानता एवं भाईचारे का मार्ग दिखाया। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव, ऊंच-नीच और कुरीतियों का विरोध करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को समान दृष्टि से देखने तथा मानवता को सर्वोपरि मानने का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएँ हमें सिखाती हैं कि सच्चा धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा करना, दूसरों के प्रति प्रेम और सम्मान का भाव रखना तथा ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना ही सच्ची मानव सेवा है।महापौर ने कहा कि गुरु नानक देव जी की पावन शिक्षाओं में ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ अर्थात ईश्वर का स्मरण करें, ईमानदारी से परिश्रम करें और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करें, का संदेश समाहित है। ये सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उस समय थे। वर्तमान समय में जब समाज को आपसी सद्भाव, एकता और सहयोग की आवश्यकता है, तब गुरु नानक देव जी के विचार संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं।
महापौर रामू रोहरा ने समस्त नागरिकों से अपील की कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को केवल उत्सव के रूप में ही नहीं, बल्कि उनके महान विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के संकल्प के रूप में मनाएं। जरूरतमंदों की सहायता करें, आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव बनाए रखें तथा समाज में सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को आगे बढ़ाएं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!