स्वतंत्रता दिवस पर जिपं अध्यक्ष अरुण सार्वा ने दी जिलेवासियों को शुभकामनाएं, शहीदों के बलिदान को किया नमन, देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का किया आह्वान

धमतरी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा ने जिले के समस्त नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया। अरुण सार्वा ने अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और तपस्या का परिणाम है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और विकास में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमें आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव, एकता और अखंडता को मजबूत करते हुए देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मिल-जुलकर प्रयास करना चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव और उत्साह के साथ मनाने की अपील करते हुए कहा कि हम सभी देश की लोकतांत्रिक परंपराओं, संविधान और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने जिले के सुख, समृद्धि और विकास की कामना करते हुए पुन: सभी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
