स्वतंत्रता दिवस पर पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा ने दी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों को किया नमन

धमतरी. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमतरी के पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा ने जिले एवं क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को स्मरण किया। पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है। यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके अथक प्रयासों से देश को आजादी मिली। उनके आदर्श और राष्ट्रप्रेम आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत के निर्माण के लिए आपसी भाईचारे, सद्भाव और सहयोग की भावना के साथ आगे बढऩा चाहिए। इंदर चोपड़ा ने क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह एवं गरिमापूर्वक मनाने तथा राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।