कच्ची घानी एवं कोल्ड प्रेस तकनीक से उत्पादित खाद्य तेल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की पहल
धमतरी सहित चार जिलों के कृषक उत्पादक संगठनों को मूल्य संवर्धन, विपणन और निर्यात की संभावनाओं से जोड़ने कार्यशाला आयोजित

धमतरी- किसानों की आय में वृद्धि, कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन तथा स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित उद्यमों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के अंतर्गत यहाँ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में धमतरी, बलौदाबाजार, दुर्ग एवं बलौद जिले में कार्यरत कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा उत्पादित कच्ची घानी एवं कोल्ड प्रेस (शीत दाब) तकनीक से प्रसंस्कृत खाद्य तेल को बड़े शहरों के बाजारों तक पहुंचाने तथा विदेशों में निर्यात की संभावनाओं को विकसित करना था। इसके माध्यम से स्थानीय कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, प्रसंस्करण गतिविधियों को बढ़ावा देने और किसानों को उनकी उपज का अधिकतम मूल्य दिलाने की दिशा में संभावनाओं पर चर्चा की गई।
कार्यशाला में खाद्य तेल उत्पादन की पारंपरिक एवं आधुनिक प्रसंस्करण तकनीकों, उत्पाद की गुणवत्ता, शुद्धता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, गुणवत्ता प्रमाणन, बाजार की मांग तथा विपणन व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही महानगरों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक उपभोक्ताओं के बीच शुद्ध एवं प्राकृतिक तरीके से तैयार खाद्य तेलों की बढ़ती मांग को देखते हुए एफपीओ के उत्पादों की बाजार में अलग पहचान बनाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर कृषक उत्पादक संगठनों को केवल कच्चे कृषि उत्पादों के विक्रय तक सीमित न रहकर प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन की पूरी प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उत्पाद की स्वीकार्यता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित गुणवत्ता मानकों, खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रावधानों, निर्यात प्रक्रिया तथा प्रभावी बाजार संपर्क विकसित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि कृषक उत्पादक संगठन किसानों को सामूहिक रूप से आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध तिलहन एवं अन्य कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण कर गुणवत्तापूर्ण खाद्य तेल तैयार करने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकता है। उन्होंने एफपीओ को व्यावसायिक दृष्टिकोण अपनाते हुए उत्पाद की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांड निर्माण और बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को उनकी गुणवत्ता एवं विशिष्टता के आधार पर महानगरों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान दिलाई जा सकती है। इसके लिए कृषक उत्पादक संगठनों, संबंधित विभागों और बाजार से जुड़े संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता है।
यह पहल किसानों को परंपरागत कृषि से आगे बढ़कर कृषि आधारित उद्यमिता, खाद्य प्रसंस्करण और व्यापक बाजार व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के विस्तार के साथ किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।


