मौसम बदलाव का सेहत पर पड़ रहा विपरीत प्रभाव, सर्दी, खांसी, बुखार से बढ़े मरीज
जिला अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में मौसम के प्रभाव से बीमार मरीजों की संख्या में हुई वृद्धि

सुबह, रात में ठंड और दिन में पड़ रही गर्मी, तापमान में ज्यादा अंतर से बढ़ी परेशानी
धमतरी । पिछले कुछ दिनों से लोगों की सेहत लगातार बिगड़ रही है। इससे शासकीय और निजी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या एकाएक बढ़ गई है। मौसम में बदलाव का असर इसे बताया जा रहा है। बता दे कि विगत कई दिनों से मौसम उतार-चढ़ाव बना हुआ है। कभी अचानक गर्मी बढ़ जाती है तो कभी अचानक ठंड पडऩे लगती है कभी सुबह शाम रात में ठंड लगती है तो और दिन में उमस भरी गर्मी मौसम में इसी बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। दिन व रात के तापमान में भी अंतर ज्यादा है। इस बदलाव को शरीर सही तरीके से सुंतलित नहीं कर पा रहा है। इसलिए लोग ज्यादा बीमार पड़ रहा है। जिला अस्पताल ओपीडी उपचार कराने पहुंची महिला सुलोचना साहू ने बताया कि उन्हें हल्की ठंड सर्दी बुखार, शरीर मे दर्द गले में दर्द, थकान आदि की शिकायत है। डाक्टरों ने इसे मौसम का प्रकोप बताया है। ऐसे कई मरीज है जिन्हें इसी प्रकार के लक्षण है। इनमें कुछ लोग समझदारी दिखाते हुए सीधे अस्पताल पहुंचकर डाक्टरों से दवाई ले रहे है। जबकि कई ऐसे भी लोग है जो स्वयं मेडिकल से दवा लेकर बीमारी ठीक करने पर ज्यादा विश्वास कर रहे है। लेकिन डाक्टरों ने इस प्रकार स्वयं या मेडिकल से दवाई लेने को घातक माना है। वर्तमान में स्थिति ऐसी हो चुकी है कि हर दूसरे घर से एक व्यक्ति मौसम में परिवर्तन के कारण बीमार है। बता दे कि इस बार ठंड अपेक्षाकृत कम पड़ा। बीच में आसमान में बादल छाये रहे। हल्की वर्षा भी हुई। हवा की नमी लगातार बदलती रही। इसलिए भी लोग ज्यादा बीमार पड़े।

खानपान पर दे विशेष ध्यान
डाक्टरों ने इस बदलते मौसम में खान पान पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी है। ऐसे मौसम में जहां अचानक तापमान में ज्यादा अंतर हो जाता है तो हमारा शरीर बीमार पड़ जाता है। इस दौरान हमे स्वयं को बचाने या बीमार की सेहत में सुधार हेतु खानपान पर ध्यान देना जरुरी हो जाता है। इस मौसम में हमे गर्म पानी पीना चाहिए। ताजा सात्विक भोजन करना चाहिए। बाहरी तेल युक्त खाद्य पदार्थों से बचना चाहिए। व्यायाम कसरत और योगा करना चाहिए ताकि हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनी रहे।