मध्यप्रदेश

जबलपुर में ट्रैक्टर चलाते हुए शादी के मंडप तक पहुंची दुल्हन, देखते रह गए बाराती

मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक अनोखी शादी की चर्चा जोर शोर से हो रही है। इस अनोखी शादी की खास बात थी कि इसमें किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली दुल्हन खुद ट्रैक्टर चलाकर शादी के मंडप तक पहुंची। दुल्हन का अनोखा अंदाज देखकर वर और वधु पक्ष के लोग काफी खुश हुए। वहीं वर पक्ष के लोगों ने कहा कि हमारे घर में बहू नहीं बेटी आ रही है।

दरअसल जमुनिया गांव निवासी अखिल पटेल की शादी दमोह में रहने वाली शिवानी के साथ तय हुई थी। दोनों परिवार खेती किसानी का काम करते हैं। शिवानी भी अपने परिवार का खेती किसानी में हाथ बटाती हैं, जिसके चलते उसे ट्रैक्टर चलाना आता है। वर पक्ष की इच्छा थी कि शादी में कुछ ऐसा किया जाए जो यादगार बन जाए। इसलिए जब दुल्हन को शादी के मंडप में पहुंचना था, तो वह वरमाला लेकर ट्रैक्टर में बैठकर स्टेज पर पहुंची। दुल्हन को इस तरह ट्रैक्टर पर देखकर घराती और बराती दोनों ही हैरान रह गए। दुल्हन शिवानी जहां एक हाथ से ट्रैक्टर का स्टेयरिंग संभाल रही थी, तो वहीं दूसरे हाथ से आतिशबाजी भी कर रही थी। इस अनोखी शादी की सोशल मीडिया पर भी जमकर चर्चा हो रही है और अनोखी शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। लोग शिवानी के अंदाज की काफी तारीफ भी कर रहे हैं।

पाटन के जमुनिया गांव में रहने वाले अखिल पटेल जबलपुर में निर्माणाधीन फ्लाई ओवर ब्रिज की कंपनी में कार्यरत है, इसके साथ ही वे अपने जमुनिया गांव में खेती का काम भी देखते है। वहीं दुल्हन शिवानी भी दमोह में अपने परिवार के साथ खेती का काम देखती रही, अब वह अपने ससुराल की खेती में पति की मदद करेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!